राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कानून-व्यवस्था (Law & Order) को चुनौती देने वाली एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है. गाजियाबाद के खोड़ा में हुए बहुचर्चित 'सूर्या हत्याकांड' की तरह ही दिल्ली के उस्मानपुर (Usmanpur) इलाके में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़के, अभिषेक की सरेआम निर्मम हत्या कर दी गई है. बताया जा रहा है कि बीती रात कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते अभिषेक को घर के बाहर बुलाया. पहले उनके बीच तीखी बहस हुई और फिर हमलावरों ने उसे घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए. इस जानलेवा हमले में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
मृतक का परिवार गहरे सदमे में है और इंसाफ की गुहार लगा रहा है. हमारी संवाददाता अनुष्का गर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने आस-पास के CCTV फुटेज खंगाल कर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.