अक्सर ऐसा होता है कि शाम की हल्की-फुल्की भूख में कुछ बहुत ही स्वादिष्ट और चटपटा खाने का मन करता है, लेकिन घंटों किचन में पसीना बहाने की हिम्मत नहीं होती. ऐसे में समझ नहीं आता कि झटपट क्या तैयार किया जाए जो परिवार के सभी सदस्यों को पसंद भी आए और मेहमानों के सामने परोसने पर आपकी तारीफ भी हो सके. इस समस्या का एक बेहद शानदार और आसान समाधान @FoodConnection ने अपने यूट्यूब चनेल पर शेयर किया है.
इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसके लिए आपको दाल भिगोने, पीसने और मसाले भूनने के झंझट से बार-बार नहीं गुजरना पड़ेगा. एक बार का यह प्रीमिक्स आपके काम को इतना आसान बना देगा कि अचानक मेहमान आ जाने पर भी आप मिनटों में रेस्टोरेंट जैसी खस्ता कचौड़ियां और क्रिस्पी पकौड़े टेबल पर सजा सकेंगे.
ये देखिए वीडियो...
सामग्री:
- धुली हुई मूंग दाल (500 ग्राम)
- साबुत धनिया
- सौंफ
- साबुत काली मिर्च
- लौंग
- सूखी लाल मिर्च
- बेसन
- सादा नमक
- काला नमक
- लाल मिर्च पाउडर
- हींग
- हुई हरी मिर्च (बारीक कटी)
- अदरक
- ताजा हरा धनिया
- प्याज (बारीक कटा)
- तेल (तलने के लिए)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले आधे किलो मूंग दाल को किसी साफ सूती कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें ताकि उसका सारा नमी निकल जाए.
- अब एक कढ़ाई में इस दाल को मध्यम आंच पर तब तक ड्राई रोस्ट करें जब तक यह हल्की कुरकुरी न हो जाए.
- इसके बाद इसे आंच से उतारकर पूरी तरह ठंडा होने के लिए रख दें.
- अब उसी पैन में साबुत धनिया, सौंफ, काली मिर्च और लौंग डालकर हल्की खुशबू आने तक भून लें.
- गैस बंद करने के बाद इसमें सूखी लाल मिर्च मिला दें ताकि वह भी गर्म कढ़ाई की गर्माहट से भुन जाए और ठंडी हो जाए.
- अब मिक्सी जार में सबसे पहले सूखी मूंग दाल को दरदरा पीस लें और एक बड़े मिक्सिंग बाउल में निकाल लें. इसी तरह भुने हुए मसालों को भी दरदरा पीसकर दाल वाले बाउल में मिला दीजिए.
- इस मिश्रण में बेसन, दोनों तरह का नमक, लाल मिर्च पाउडर और हींग डालकर हाथों से अच्छी तरह मिला लें.
- अब जब भी कचौड़ी बनानी हो, इस मिश्रण का थोड़ा सा हिस्सा अलग निकालकर उसमें बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक, प्याज और फ्रेश धनिया मिलाएं.
- इस मसाले को थोड़ा सा भूनकर छोटी-छोटी गोलियां बना लें.
- पहले से गूंथे हुए आटे की लोई में इस मसाले को भरकर हथेलियों से चपटा करें और कम तेल में कुरकुरा होने तक तल लें.
- बचे हुए मिश्रण को पानी में दस मिनट भिगोकर आप छोटे-छोटे क्रिस्पी पकौड़े भी झटपट तैयार कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: किचन के कीड़ों से हो गए हैं परेशान? अपनाएं ये आसान घरेलू नुस्खे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं