जब भी खाने की बात आती है मां के हाथ का खाना सबसे पहले याद आता है. लेकिन कभी-कभी एक छोटी सी सोच और मां के हाथ का बना साधारण सा खाना भी आपकी पूरी जिंदगी बदल सकता है. ठाणे के रहने वाले गणेश साठे ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. उन्होंने अपनी मां की खास डोसा रेसिपी पर भरोसा किया और उसे एक सफल बिजनेस में बदल दिया. आज उनका यह स्टार्टअप 'द बेन्ने' (The Benne) हर महीने करीब 12 लाख रुपये की कमाई कर रहा है.
द बेटर इंडिया ने इंस्टाग्राम पर इस प्रेरणादायक सफर का एक वीडियो शेयर किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, गणेश सीए (CA) की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनका दिल हमेशा अपनी मां के बनाए क्रिस्पी बेन्ने डोसे में ही लगा रहता था. परिवार की उम्मीदों के उलट उन्होंने सीए की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और मां के सपने को आगे बढ़ाने का फैसला किया.
शुरुआत बिल्कुल भी आसान नहीं थी. महज 50,000 रुपये उधार लेकर एक पुराना ठेला शुरू करने वाले गणेश और उनकी बहन सपना को शुरुआती दिनों में भारी संघर्ष करना पड़ा. मोमोज, पिज्जा और फैंसी फूड्स के बीच उनके इस ठेले पर शुरुआत में कस्टूमर न के बराबर आते थे. हालात यहां तक पहुंच गए थे कि रोजाना 200 रुपये का नुकसान होने लगा और भाई-बहन मायूस होकर रो पड़े थे.
ठेला बंद होने की कगार पर आ गया था. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. दोनों ने सोशल मीडिया का सहारा लेने की ठानी. उन्होंने अपने संघर्ष और काम को ऑनलाइन दिखाना शुरू किया. मां और सपना सुबह-सुबह फ्रेश बैटर तैयार करतीं और गणेश बेहतरीन डोसे बनाते. देखते ही देखते उनका यह वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया और लोग खिंचे चले आने लगे.
आज स्थिति यह है कि उनके इस आउटलेट पर रोज करीब 400 लोग आते हैं और मात्र एक घंटे के भीतर सारा डोसा बिक जाता है. पुराना ठेला अब एक स्थायी दुकान में बदल चुका है, जहां रोजाना लगभग 40,000 रुपये की कमाई होती है. यानी महीने का कुल टर्नओवर करीब 12 लाख रुपये तक पहुंच गया है.
डोसा रेसिपी के लिए यहां क्लिक करें.
ये भी पढ़ें- अब हर त्योहार पर FDA की पैनी नजर, तुकाराम मुंडे का सख्त आदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं