घर का सबसे जानदार और चहल-पहल वाला हिस्सा अगर कोई है, तो वो है हमारी रसोई. सुबह की पहली कड़क चाय से लेकर रात के डिनर की तैयारी तक, आधे से ज्यादा दिन यहीं गुजर जाता है, लेकिन दिक्कत तब शुरू होती है जब किचन का साइज छोटा हो और सामान ढेर सारा हो. एक बर्तन निकालने जाओ, तो पीछे रखे बाकी बर्तन ऐसे खड़खड़ाते हैं कि मूड का बाजा बज जाता है. क्या आपके साथ भी ऐसा होता है? अब फिक्र करने की कोई बात नहीं है. कुछ बहुत ही आसान और देसी जुगाड़ अपनाकर आप अपनी छोटी सी रसोई को एकदम खुला-खुला और चकाचक बना सकते हैं.
छोटी रसोई में बर्तनों को रखने का कोई आसान तरीका?
खाली दीवारों पर पॉट रेल का जादू चलाएं:
हम अक्सर सारा सामान नीचे कैबिनेट या स्लैब पर ठूंसने में लगे रहते हैं, जबकि रसोई की दीवारें खाली मुंह ताकती रहती हैं. मार्केट में स्टील की एक सीधी रॉड या पॉट रेल बहुत सस्ते दामों में मिल जाती है. इसे बस गैस चूल्हे के पास या सिंक के ऊपर वाली खाली दीवार पर कसवा लें. इसमें एस-शेप वाले हुक लटकाकर अपनी भारी-भरकम कड़ाही, फ्राइंग पैन और चाय वाला पतीला आराम से टांग दीजिए. जैसे ही हाथ बढ़ाएंगे, बर्तन सामने मिलेगा और स्लैब एकदम साफ-सुथरी रहेगी.
बर्तनों को नेस्टिंग स्टाइल में जमाएं:
जब भी पतीले या कड़ाही अलमारी में रखें, तो सबसे बड़े बर्तन के अंदर उससे छोटा और उसके अंदर सबसे छोटा बर्तन फिट करें. एक बात का खास ख्याल रखें कि इनके ढक्कन इनके ऊपर न लगाएं, क्योंकि ढक्कन उल्टे सीधे होकर बहुत फालतू जगह घेर लेते हैं. अगर आपके नॉन-स्टिक बर्तन हैं, तो उनके बीच में कोई पुराना सूती कपड़ा या टिशू पेपर जरूर रख दें ताकि आपस में रगड़ खाने से उन पर स्क्रेच न आएं.
ढक्कनों के लिए कोई अलग ठिकाना ढूंढें:
अपनी किचन कैबिनेट या दरवाजे के अंदर वाले हिस्से पर छोटा सा लिड होल्डर चिपका दें या फिर तार वाला वर्टिकल रैक ले आएं. इस रैक में सारे ढक्कन किताबों की तरह सीधे खड़े हो जाएंगे.
रसोई के कोनों को बेकार मत जाने दें:
किचन का कॉर्नर अक्सर ऐसा अंधेर जोन होता है जहां रखा सामान कभी सही वक्त पर हाथ नहीं आता.
इस कोने वाली जगह को सुधारने के लिए कैबिनेट के अंदर एक घूमने वाली गोल ट्रे जिसे 'लेजी सुसान' कहते हैं, रख लें. अपने भारी कुकर या कड़ाही उस पर सजा दें. जब भी जरूरत हो, बस हल्का सा घुमाएं और बिना किसी दिक्कत के बर्तन सीधे हाथ में आ जाएगा.
हैंगिंग रैक लगाएं:
छत से लटकने वाला लोहे या लकड़ी का मजबूत पॉट रैक इस मामले में आपका सबसे अच्छा दोस्त बन सकता है. इसे ऐसी जगह लगवाएं जहां सिर न टकराए, जैसे किसी कोने की छत या डाइनिंग एरिया के पास. इस पर भारी बर्तन टांगने से किचन देखने में भी काफी स्टाइलिश और मॉडर्न लगता है.
कैबिनेट के अंदर शेल्फ डिवाइडर का इस्तेमाल करें:
इस खाली जगह का सही इस्तेमाल करने के लिए एक छोटा सा वायर शेल्फ या डिवाइडर ला कर रख दें. इससे एक ही शेल्फ दो हिस्सों में बंट जाएगी. नीचे आप कुकर रख सकते हैं और उसके ठीक ऊपर बनी जाली पर कड़ाही या फ्राई पैन सेट कर सकते हैं. अब कोई भी बर्तन निकालने के लिए दूसरा सामान हटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
इसे भी पढ़ें: काले और चिपचिपे तवे को चमकाने के आसान देसी नुस्खे: बिना रगड़े तवा दिखेगा बिल्कुल नया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं