अब किचन में खाना बनेगा तो बर्तन भी गंदे होंगे, लेकिन कुछ लोगों को बर्तन धोना बिल्कुल पसंद नहीं होता. यही वजह है कि कई बार वे किचन का काम करने से भी बचते हैं. अगर आप भी उन्हीं लोगों में से हैं जिन्हें किचन में जरूरत से ज्यादा मेहनत करना पसंद नहीं है, तो यह स्टोरी आपके लिए है. आज हम आपको कुछ ऐसे आसान और स्मार्ट किचन ट्रिक्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आपका काम भी जल्दी होगा और मेहनत भी कम लगेगी.
चावल और पराठे गर्म करने का आसान जुगाड़
अगर आप बार-बार कड़ाही या तवा गंदा नहीं करना चाहती हैं, तो बटर पेपर या फॉयल पेपर आपकी मदद कर सकता है.
- कड़ाही में बटर पेपर बिछाकर उस पर चावल या पराठा रखें और ढककर धीमी आंच पर गर्म करें.
- इससे खाना गर्म भी हो जाएगा और बर्तन में गंदगी भी नहीं चिपकेगी.
- बाद में सफाई करना काफी आसान रहेगा.
दूध उबलकर बाहर न निकले, अपनाएं आसान तरीका
दूध गर्म करते समय सबसे बड़ी परेशानी यह होती है कि जरा-सी लापरवाही में वह उबलकर गैस पर फैल जाता है, इसके बाद गैस और प्लेटफॉर्म दोनों की सफाई करनी पड़ती है.
- इस समस्या से बचने के लिए दूध वाले बर्तन के ऊपर स्टील की कड़छी या बड़ा चम्मच रख दें.
- जब दूध में उबाल आएगा तो झाग तेजी से ऊपर नहीं बढ़ेगा और दूध बाहर गिरने की संभावना कम हो जाएगी.
- इससे सफाई का ज्यादा काम भी नहीं बढ़ेगा.
बर्तन धोते समय कपड़े गीले होने से बचाएं
कई घरों में नल का पानी तेज धार से निकलता है, जिससे बर्तन धोते समय कपड़ों पर छींटे पड़ने लगते हैं साथ ही किचन का सिंक और आसपास की जगह भी पानी से भर जाती है.
- ऐसी स्थिति में नल पर एक साफ कपड़ा बांध दें.
- इससे पानी की धार कंट्रोल में रहती है और पानी सीधे नीचे गिरता है.
- नतीजा यह होता है कि कपड़े कम गीले होते हैं और किचन भी ज्यादा साफ रहती है.
बिना नया बर्तन गंदा किए ऐसे होगा खाना गर्म
अक्सर बची हुई दाल, सब्जी या चावल को किसी छोटे बाउल में फ्रिज में रख दिया जाता है, बाद में जब उसे खाना होता है, तो दोबारा गर्म करने के लिए अलग से पैन या कड़ाही निकालनी पड़ती है.
- इस झंझट से बचने के लिए एक बड़ी कड़ाही में थोड़ा पानी डालें और उसे गैस पर रख दें.
- अब उसके अंदर एक छोटी कटोरी उल्टी करके रखें और उसके ऊपर खाने वाला बाउल रख दें.
- कड़ाही को ढक दें.
- भाप की गर्मी से खाना गर्म हो जाएगा और आपको ज्यादा मेहनत भी करनी पड़ेगी.
इसे भी पढ़ें: सब्जी न हो तो भी चलेगा काम, नोट करें राजस्थानी लहसुन की चटनी की वायरल रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं