विज्ञापन

दिल्ली-NCR, यूपी समेत देश में मॉनसून क्यों पड़ गया सुस्त, IMD ने बता दिया कब होगी मूसलाधार बारिश

Monsoon Break Reasons: देश में मॉनसून की रफ्तार पर पिछले 3 दिनों से ब्रेक लगा हुआ है. आसमान में बादल तो छा रहे हैं, लेकिन बरस नहीं रहे हैं. दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, गुजरात समेत उत्तर-पश्चिम भारत में मॉनसून फिलहाल सुस्त नजर आ रहा है.

दिल्ली-NCR, यूपी समेत देश में मॉनसून क्यों पड़ गया सुस्त, IMD ने बता दिया कब होगी मूसलाधार बारिश
क्यों सुस्त पड़ गया मॉनसून
  • देश में पिछले तीन दिनों से मॉनसून की रफ्तार पर ब्रेक लगा हुआ है और बारिश नहीं हो रही है.
  • मौसम विभाग ने बारिश होने के 2 बड़े कारण बताए हैं, जिससे मॉनसून सुस्त पड़ गया है.
  • हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक अब बारिश का इंतजार खत्म होने वाला है और तेज बारिश होने वाली है.

जुलाई के पहले हफ्ते में झमाझम बारिश के बाद दूसरा हफ्ता आते-आते मौसम का मिजाज बदल गया है. पिछले तीन दिनों से मॉनसून की रफ्तार सुस्त पड़ गई है. खासकर उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में इसका असर ज्यादा दिख रहा है. दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान नजर आ रहे हैं. क्योंकि बारिश से गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन बरसात रुकने तापमान फिर चढ़ने लगा है. जिससे गर्मी तेज हो रही है. ऐसे में अचानक से मॉनसून के थमने को लेकर  मौसम वैज्ञानिकों कुछ मुख्य कारण बताए हैं. 

मॉनसून पर ब्रेक लगने की दो बड़ी वजह 

दरअसल, मानसून पर ब्रेक लगने की भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों ने दो बड़ी वजह बताई हैं. IMD के मुताबिक मॉनसून ट्रफ यानि कम दबाव के क्षेत्र वाली रेखा की स्थिति में बदलाव हो रहा है. यह अपनी सामान्य स्थिति से खिसकर तलहटी की तरफ चली गई है. यानि मॉनसून का ट्रफ अचानक से उत्तर की तरफ शिफ्ट हो गया है, जिससे मैदानी राज्य जिनमें दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा समेत मध्य भारत इलाकों में बारिश की गतिविधियां अचानक से कम हो जाती है. फिलहाल ऐसी ही स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते बारिश नहीं हो रही है. 

बंगाल की खाड़ी में मजबूत सिस्टम नहीं 

इसके अलावा मॉनसून नहीं होने की दूसरी वजह बंगाल की खाड़ी में किसी मजबूत सिस्टम का एक्टिव न होना भी है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल बंगाल की खाड़ी या अरब सागर मे कम दबाव का क्षेत्र या चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय नहीं है. जिससे मॉनसूनी हवाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं. ऐसी स्थिति में भी मॉनसून पर ब्रेक लग जाता है. इन्ही दो वजहों से देश में मॉनसून की रफ्तार सुस्त पड़ गई है. 

यूपी-दिल्ली समेत इन राज्यों में सबसे ज्यादा असर 

मॉनसून पर ब्रेक लगने का सबसे ज्यादा असर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में के इलाकों में देखने को मिल रहा है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं हो रही है. ऐसे में तेज धूप उमस के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. केवल पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की गतिविधियां सक्रिए हैं. जिससे यहां बारिश हो रही है. 

फसलों पर हो रहा असर 

मॉनसून की सुस्ती का सबसे बड़ा असर खेती-किसानी पर पड़ रहा है. मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के प्रमुख कृषि बेल्ट में पिछले तीन दिनों से कड़ी धूप खिली हुई है. जून में दर्ज की गई करीब 40 प्रतिशत बारिश की कमी जुलाई के पहले हफ्ते में सुधरी थी, लेकिन इस ब्रेक से किसानों की चिंता फिर बढ़ गई है. किसान संगठनों ने भी इस पर चिंता जताई थी. ऐसे में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 जुलाई को किसान संगठनों से मुलाकात करेंगे और कम बारिश के मुद्दे पर चर्चा करेंगे.  

कब होगी मूसलाधार बारिश ? 

हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राहत की खबर दी है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून का यह ब्रेक ज्यादा नहीं रहने वाला है. आईएमडी के  पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में मॉनसून ट्रफ के दोबारा दक्षिण की तरफ अपना रुख कर सकता है. जिसके बाद यहां तेज बारिश होने की संभावना बढ़ेगी. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती सिस्टम बनने के संकेत भी मिले हैं. ऐसे में इसके सक्रिय होते ही हवाओं में नमी बढ़ेगी और आने वाले 48 से 72 घंटे में देश के मैदानी इलाकों में एक बार फिर मॉनसून की धमाकेदार वापसी होगी और लोगों को इस उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी. यानि लोगों को एक बार फिर मूसलाधार बारिश उत्तर भारतीय राज्यों में देखने को मिल सकती है. 

ये भी पढे़ंः यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड-हिमाचल में लैंडस्लाइड, दिल्ली-NCR का जाने हाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Monsoon Rainfall, Monsoon News 2026, IMD Aleart, Weather Forecast By IMD, Monsoon In India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com