दिवाली पर अगर आप बच्चों के लिए खुश से घर पर कुछ खास और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो नारियल लड्डू ट्राई करें. इस मिठाई की अच्छी बात ये है कि इसके लिए आपको न ही मावा की जरूरत है और ना ही चाशनी की. वहीं, आप इसे बहुत ही कम समय में तैयार कर सकते हैं. स्वाद में बेहतरीन हो और बनाने में भी आसान हो, तो बात ही अलग होती है. इस खास रेसिपी को Rao Manju Kitchen नाम के यूट्यूब चैनल से ली गई है. इसे घर पर बनाना बहुत ही आसान है. यहां जानते हैं घर पर नारियल का लड्डू कैसे तैयार करें?
वीडियो में पूरी रेसिपी देखें...
घर पर नारियल लड्डू कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
- ताजा कच्चा नारियल - 500 ग्राम
- देसी घी - 1 बड़ा चम्मच
- मलाई - 1 कटोरी
- दूध - 2 कप फुल क्रीम
- देसी खांड - 1 कप
- मिल्क पाउडर - 30 ग्राम
- इच्छानुसार इलायची पाउडर या ड्राई फ्रूट्स
विधि
इस रेसिपी के लिए ताजा कच्चा नारियल इस्तेमाल किया गया है. नारियल का बाहरी रेशा और कठोर छिलका हटाकर उसे अच्छी तरह धो लें. इसके बाद छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सी में बिना पानी डाले दरदरा पीस लें. चाहें तो कद्दूकस का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. छिलका हटाने से लड्डुओं का रंग और लुक बेहतर दिखाई देता है.
अब एक कढ़ाई में एक बड़ा चम्मच देसी घी गर्म करें. घी गर्म होने पर उसमें पिसा हुआ नारियल डाल दें. मीडियम आंच पर लगातार चलाते हुए 2 से 3 मिनट तक पकाएं, ताकि नारियल का नैचुरल मिल्क थोड़ा सूख जाए और उसका कच्चापन खत्म हो जाए.
जब नारियल हल्का पक जाए, तब उसमें एक कटोरी मलाई और दो कप फुल क्रीम दूध डाल दें. तेज आंच पर लगातार चलाते हुए मिश्रण को पकाएं. अगर आप लड्डू और जल्दी बनाना चाहते हैं, तो सिर्फ मलाई का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. हालांकि, दूध मिलाने से स्वाद और भी ज्यादा बढ़ जाता है.
दूध के सूखने के बाद मिश्रण में एक कप देसी खांड डालें. अगर खांड न हो, तो मिश्री पाउडर या चीनी पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. खांड डालने के बाद मिश्रण को तब तक पकाएं, जब तक उसमें मौजूद अतिरिक्त नमी पूरी तरह खत्म न हो जाए.
अब तैयार मिश्रण में लगभग 30 ग्राम मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें. इससे लड्डुओं का टेक्सचर और स्वाद दोनों बेहतर हो जाते हैं. इस स्टेज पर चाहें तो इलायची पाउडर या कटे हुए ड्राई फ्रूट्स भी मिला सकते हैं.
अब थोड़ा सा मिश्रण निकालकर ठंडा करें और हाथ से लड्डू बनाकर देखें. अगर लड्डू आसानी से बंध रहा है, तो समझ लीजिए कि मिश्रण बिल्कुल तैयार है. अब गैस बंद कर दें.
मिश्रण को घी लगी थाली में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें. जब यह हल्का गर्म रह जाए, तब हाथों पर थोड़ा सा घी लगाकर मनचाहे आकार के लड्डू बना लें. कुछ ही मिनटों में नरम, स्वादिष्ट और हेल्दी नारियल के लड्डू तैयार हो जाएंगे.
ये भी पढ़ें - दिवाली के लिए खास, मखाने से बनाइए क्रिस्पी कुरकुरे मखाना लड्डू, मिठाई में जोड़ देगा नया ट्विस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं