बच्चों अगर छोटी-मोटी शरारतें करे, तो पेरेंट्स को नॉर्मल लगता है. लेकिन कई बार उनकी छोटी-छोटी शरारतें उनके लिए ही घातक हो जाती है. ठीक ऐसा ही आगरा की एक 4 साल की बच्ची के साथ हुआ. बताया जा रहा है कि यहां रहने वाली 4 साल की बच्ची पिछले 5 दिनों से खाना नहीं खा पा रही थी, जिसके बाद उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में लगाया गया. यहां जब डॉक्टरों ने बच्ची की जांच की तो पता चल कि उसके फूड पाइप में लॉकेट फंसा हुआ है. ये देखकर डॉक्टर दंग रह गए, जिसके बाद एंडोस्कोपी की मदद से उसका सफलतापूर्वक इलाज किया गया. यहां जानते हैं इस घटना को विस्तार से-
पांच दिनों से खाना नहीं निगल पा रही थी बच्ची
आगरा के बोदला क्षेत्र की रहने वाली चार साल की बच्ची डाउन सिंड्रोम से पीड़ित है. पेरेंट्स का कहना है कि वो करीब 5 दिनों से खाना नहीं निगल पा रही थी. बेटी की खराब हालत में जब उन्होंने सुधार नहीं देखा, तो वो उसे 14 नवंबर को एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद उसका एक्स-रे कराया. रिपोर्ट आने पर पता चला कि बच्ची की आहार नली में कोई बाहरी वस्तु फंसी हुई है, जिसके कारण उसे खाना निगलने में दिक्कत हो रही थी.
खेलते-खेलते मुंह में रख लिया था लॉकेट
ईएनटी डिपार्टमेंट के डॉक्टर्स का कहना है कि बच्ची डाउन सिंड्रोम से पीड़ित होने के कारण अपनी परेशानी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी. ऐसी संभावना जताई जा रही है कि खेलते समय उसने लॉकेट मुंह में रख लिया, जो निगलते समय फूड पाइप में जाकर फंस गया.
डॉक्टर का कहना है कि ऐसे बच्चों में किसी भी अनसामान्य विहेबियर और हेल्थ से जुड़े बदलावों को इग्नोर नहीं करना चाहिए, क्योंकि कई बार वे अपनी समस्या व्यक्त नहीं कर पाते.
एंडोस्कोपी से निकाला गया लॉकेट
टेस्ट में जब बच्ची की स्थिति स्पष्ट हुई, तो ईएनटी डिपार्टमेंट की टीम ने एंडोस्कोपी करने का फैसला लिया. डॉक्टर्स ने सावधानीपूर्वक प्रोसेस पूरी करते हुए फूड पाइप में फंसे लॉकेट को बाहर निकाल लिया.
ऑपरेशन के बाद बच्ची की हालत में तेजी से सुधार हुआ और उसे पहले की तरह खाना निगलने में भी राहत मिलने लगी. कुछ दिनों तक मेडिकली निगरानी में रखने के बाद सोमवार को उसे हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई.
बच्चों को इस स्थिति से बचाने के लिए क्या करें?
- बच्चों के बदले व्यवहार को न करें इग्नोर
- छोटे बच्चों को खेलने के लिए बहुत छोटी वस्तुएं न दें.
- मूंगफली या अन्य छोटे फूड्स को हमेशा निगरानी में खिलाएं.
- खाना खाते समय बच्चों को दौड़ने-भागने या बात करने से बचाएं.
- सांस लेने या निगलने में परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
ये भी पढ़ें - 36 हफ्ते की गर्भवती लग रही थी महिला, स्कैन किया तो डॉक्टर की फटी रह गई आंखें, निकला पपीते से भी बड़ा..
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं