How To Use Isabgol: इसबगोल का नाम आते ही सबसे पहले हमारे दिमाग में पेट से जुड़ी समस्याएं आती हैं. क्योंकि ज्यादातर लोग पेट खराब हो या कब्ज की शिकायत, एक चम्मच इसबगोल पानी में घोला और पी गए. दरअसल हम में से ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि इसबगोल का काम बस पेट साफ करना है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस आम सी दिखने वाली चीज को आप अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल करके कई समस्याओं से राहत पा सकते हैं?
हाल ही में फिटनेस कोच प्रियंका मेहता ने अपने (getsetfit) इंस्टाग्राम वीडियो में इसबगोल के चार अलग-अलग तरीकों के बारे में बताया है. उन्होंने समझाया कि कैसे आप अपनी जरूरत के हिसाब से इसबगोल को अलग-अलग चीजों के साथ ले सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
इसबगोल आखिर है क्या? (What Is Isabgol)
इसे पिलियम या इसपघुल भी कहा जाता है. यह एक तरह का नेचुरल डाइटरी फाइबर है जो प्लांटागो (Plantago) प्रजाति के पौधों के बीजों से मिलता है. इसके बीजों से एक चिपचिपा पदार्थ (म्यूसिलेज) निकलता है, जिसमें पानी को तेजी से सोखने की कमाल की ताकत होती है. भारत के उत्तरी हिस्सों में इसकी खेती की जाती है. यह पेट की कई समस्याओं के लिए फायदेमंद माना जाता है.
इन 4 तरीकों से करें इसबगोल का सेवन- (These 4 Ways To Consume Isabgol)
1. दूध के साथ इसबगोल-
अगर आपको सीने में जलन या एसिडिटी की परेशानी रहती है, तो प्रियंका के मुताबिक आपको इसबगोल को ठंडे दूध के साथ लेना चाहिए. जब आप इसे ठंडे दूध के साथ लेते हैं, तो यह पेट में जाकर एक प्रोटेक्टिव लाइनिंग बना लेता है. इससे पेट में एसिड से होने वाली जलन और इरिटेशन कम होने में मदद मिल सकती है.
2. दही के साथ इसबगोल-
अगर आपकी समस्या पेट साफ होने के तरीके या स्टूल की कंसिस्टेंसी से जुड़ी है, तो दूसरा तरीका आपके लिए है. प्रियंका सलाह देते हैं कि इसबगोल को दही के साथ खाना चाहिए. इसबगोल एक्स्ट्रा पानी को सोख लेता है, जबकि दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स आपके पेट और आंतों को हेल्दी रखते हैं.
3. नींबू पानी के साथ इसबगोल-
यह तरीका उन लोगों के लिए बेस्ट है जो शाम ढलते ही या रात को बार-बार फ्रिज की तरफ भागते हैं और कुछ न कुछ अनहेल्दी खाने लगते हैं. प्रियंका का कहना है कि नींबू पानी के साथ इसबगोल लेने से फाइबर पेट में फुलनेस का सिग्नल सीधे दिमाग तक भेजता है. इससे पेट भरा-भरा महसूस होता है और आप रात के समय बेकार की स्नैकिंग या लेट-नाइट क्रेविंग्स से बच जाते हैं.
4. गर्म पानी के साथ इसबगोल-
प्रियंका के अनुसार, कब्ज से राहत पाने के लिए इसबगोल को हमेशा गर्म पानी के साथ लेना सबसे बेस्ट माना जाता है. इसमें पानी को सोखने का नेचुरल गुण होता है, जो आंतों के मूवमेंट को आसान बनाता है और पेट को झटपट साफ कर देता है.
ये भी पढ़ें- बिना मैदा और ब्रेड के बनाएं 23 ग्राम प्रोटीन वाली टेस्टी और हेल्दी चॉकलेट सैंडविच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं