विज्ञापन
This Article is From Jan 04, 2016

वर्किंग महिलाएं खुद को फिट रखने के लिए करें आधे घंटे की एक्सरसाइज़

वर्किंग महिलाएं खुद को फिट रखने के लिए करें आधे घंटे की एक्सरसाइज़
प्रतीकात्मक तस्वीर
नई दिल्ली: पहले घर का काम और फिर ऑफिस। ऐसी भाग दौड़ वाली लाइफस्टाइल में महिलाएं खुद की हेल्थ पर ध्यान नहीं दे पाती हैं। स्वास्थ्य से जुड़ी सभी जरूरतों को वे अक्सर नजरअंदाज कर देती हैं। खुद को फिट रखते हुए सारा काम संभालना उनके लिए काफी मुश्किल हो जाता है। लेकिन अब उन्हें परेशान होने की ज़रूरत नहीं हैं, क्योंकि वे काम करते हुए भी खुद को हेल्दी रख सकती हैं, वह भी केवल आधे घंटे की एक्सरसाइज़ और संतुलित आहार के जरिए।

‘मिस्टर इंडिया 2012’ में दूसरा स्थान हासिल करने वाले और ‘इंटरनेशनल फिटनेस एसोसिएशन’ द्वारा प्रमाणित फिटनेस ट्रेनर जैनेन्द्र त्यागी ने बताया, “हमारे शरीर का स्वस्थ रहना, 70 प्रतिशत खान पान पर और 30 प्रतिशत व्यायाम पर निर्भर करता है। वर्किंग महिलाओं का अकसर कहना होता है कि वे दिनभर व्यस्त होने के कारण व्यायाम नहीं कर पाती हैं। लेकिन अगर वे केवल 30 मिनट व्यायाम कर उचित आहार लें, तो वे खुद को स्वस्थ रख सकती हैं।''

जैनेन्द्र बताते हैं कि आधे घंटे की एसरसाइज़ में महिलाएं स्ट्रेचिंग, जंपिंग, स्किपिंग, दंड बैठक और हिप रेस (उल्टा लेट कर बारी बारी एक पैर उठाना) जैसे कई आसान व्यायाम कर सकती हैं। समय मिलने पर वे सुबह या शाम में जॉगिंग करने के लिए पार्क भी जा सकती हैं। इससे उनके शरीर में ताज़गी तो आएगी ही, साथ ही वे स्वस्थ भी रह सकेंगी।

जैनेन्द्र ने आगे बताते हुए कहा कि अधिकतर महिलाएं जिम में शरीर के निचले हिस्से जैसे थाई के बढ़ने और पेट निकलने की समस्याएं लेकर आती हैं। ये समस्याएं उन्हें काम के दौरान लगातार बैठे रहने और अनुचित खान पान से उत्पन्न होती है। ऐसे में महिलाओं को तीनों समय के अपने खान पान को संतुलित करना चाहिए। नाश्ते में फल या जूस, ग्रीन सैलेड, ब्राउन ब्रेड, ओट्स, दलिया का सेवन करते हुए चाय की जगह ग्रीन टी का प्रयोग करें। दिन के भोजन में हरी सब्जियां और रोटी शामिल करें। इसके अलावा वे ग्रीन सैलेड और दही का सेवन भी दिन के आहार में कर सकती हैं। रोटी पर घी लगाने की जगह सब्जी में घी डालना ज़्यादा उचित है। रोटी और चावल का सेवन एक साथ करने से भी बचना चाहिए।

जो महिलाएं अपना वज़न घटाना चाहती हैं, उन्हें रात को, नाश्ते और दोपहर की तुलना में कम भोजन करना चाहिए। इसके अलावा सोने से करीब एक से दो घंटे पहले भोजन कर लेना चाहिए, ताकि भोजन को पचने का समय मिल जाए। रात को दही खाने से विशेषकर परहेज करना चाहिए। रात को ग्रीन टी पीकर सोने से भी खाना आसानी से हजम हो जाता है। साथ ही महिलाओं का अपने आहार में कार्बोहाइड्रेट युक्त भोजन का सेवन करने से बचना चाहिए।

जैनेन्द्र ने कहा कि अगर वर्किंग महिलाएं इन सब छोटी-छोटी बातों पर ख़ास ध्यान दें, तो वे कम समय में अपने शरीर में बड़े बदलाव लाते हुए खुद को फिट और हेल्दी रख सकती हें।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Working Women, Women's, Fit, Fitness, Healthy, Food, Healthy Food, Diet, Healthy Diet, हेल्दी डाइट, डाइट, हेल्दी फूड, फूड, हेल्थ, फिटनेस, फिट, महिलाएं, वर्किंग महिलाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com