ट्रांस-एथलीट अनाया बांगड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस के बीच काफी पसंद किया जा रहा है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर की बेटी ने महिला और पुरुष क्रिकेटरों को मिलाकर अपनी पसंदीदा संयुक्त प्लेइंग इलेवन चुनी है. दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने टीम में 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और महिला टीम की कप्तान स्मृति मंधाना को ओपनर के तौर पर रखा है. वहीं सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली भी टीम में शामिल किया हैं.
अनाया ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, पॉडकास्ट होस्ट कृष्णांक अत्रे के साथ एक वीडियो शेयर किया है. अनाया की संयुक्त XI में महिला और पुरुष क्रिकेट के कई दिग्गज खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. खास बात यह है कि अनाया ने खुद को भी इस प्लेइंग इलेवन में जगह दी है, जबकि महेंद्र सिंह धोनी को टीम की कप्तानी सौंपी है.
महिला खिलाड़ियों में अनाया ने स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और झूलन गोस्वामी को चुना. वहीं पुरुष खिलाड़ियों में वैभव सूर्यवंशी, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, कपिल देव और एमएस धोनी को शामिल किया है.
अनाया बांगड़ की संयुक्त प्लेइंग XI
वैभव सूर्यवंशी, स्मृति मंधाना, विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, हरमनप्रीत कौर, हार्दिक पंड्या, एमएस धोनी (कप्तान), झूलन गोस्वामी, अनाया बांगड़, जसप्रीत बुमराह, कपिल देव.
यहां देखें अनाया बांगड़ की प्लेइंग-11 का वीडियो
फिर से मैदान पर उतरने के तैयार हैं अनाया
दरअसल, 'ट्रांसजेंडर' खिलाड़ी अनाया बांगड़ सामुदायिक स्तर पर खेलने की अनुमति मिलने के बाद ऑस्ट्रेलिया में अपनी क्रिकेट यात्रा फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं और भले ही उन्हें अभी तक कोई टीम नहीं मिली है लेकिन उन्हें विश्वास है कि इससे उनके लिए अगले साल महिला बिग बैश लीग में खेलने के द्वार खुल जाएंगे. अनाया ने इस साल मार्च में लिंग परिवर्तन की सर्जरी कराने से पहले मुंबई के लिए आयु वर्ग के पुरुषों का क्रिकेट खेला था.
अनाया ने इससे पहले बीसीसीआई से महिला क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति देने की अपील की थी, लेकिन भारतीय बोर्ड से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. आईसीसी ने 2023 में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को महिला प्रतियोगिताओं से प्रतिबंधित कर दिया था.
यह भी पढ़ें- WPL 2027 में पहली बार दिखेगा आयरलैंड का दम, गुजरात ने लाखों में खरीदी स्टार ऑलराउंड
यह भी पढ़ें- स्मृति मंधाना की टीम में 4 नए चेहरों की एंट्री, WPL 2027 के लिए RCB की स्क्वॉड तैयार
यह भी पढ़ें- WPL 2027 Auction: रिकॉर्डबुक में नाम दर्ज, फिर भी ऑक्शन में रही खाली हाथ, स्टार कप्तान फिर अनसोल्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं