कई लोगों की ये शिकायत रहती है कि मेरी रोटी फूल क्यों नहीं रही? लेकिन क्या आप जानते हैं रोटियों के फूलने के पीछे सिर्फ उनका अच्छा दिखना नहीं है, इसके पीछे एक ऐसा वैज्ञानिक कारण भी है जो हेल्थ से जुड़ा है. जी हां, बिल्कुल सही सुना आपने. कई लोग आटा गूंथने के बाद 15 से 30 मिनट तक उसे ढककर रख देते हैं.
गूंथे हुए आटे को क्यों ढककर रखना चाहिए?
जब हम आटा गूंथते हैं तो उसमें ग्लूटेन नाम का एक जाल बन जाता है जिसकी वजह से आटा शुरू में थोड़ा कड़ा और चिपचिपा हो जाता है, लेकिन अगर हम गूंथे हुए आटे को 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें तो ये ग्लूटेन ढीला पड़ जाता है. इससे आटा बहुत आसानी से बेला जाता है और फटता भी नहीं है साथ ही जब रोटी तवे पर सिकती है तो आटे में बनी भाप बराबर फैलती है, जिसकी वजह से रोटी एकदम गोल और फूली-फूली बनती है.

Photo Credit: NDTV
ज्यादा देर आटे को रखने से क्या होता है?
अगर गूंथे हुए आटे को कुछ घंटों के लिए कमरे के तापमान पर रखा जाए तो उसमें हल्का-सा फर्मेंटेशन शुरू हो जाता है. असल में गेहूं के आटे में पहले से ही थोड़े-बहुत यीस्ट, बैक्टीरिया और एक एंजाइम होता है जिसे फाइटेज कहते हैं, ये फाइटेज एंजाइम आटे में मौजूद फाइटिक एसिड को तोड़ने लगता है. फाइटिक एसिड एक ऐसा तत्व है जो आयरन, जिंक, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी मिनरल्स को पकड़कर रखता है. इसी वजह से शरीर इन्हें पूरी तरह सोख नहीं पाता.
मतलब ये है कि आटे को ज्यादा देर रखने से फायदा सिर्फ इतना ही नहीं है कि रोटी अच्छे से फूलेगी, बल्कि इससे शरीर को पोषक तत्व भी ज्यादा और आसानी से मिल पाते हैं.
रिसर्च में क्या सामने आया?
जर्नल ऑफ एग्रीकल्चरल एंड फूड केमिस्ट्री में छपी एक रिसर्च के मुताबिक, जब गेहूं के आटे को फर्मेंट होने दिया गया तो उसका pH कम हो गया,इससे करीब 70% फाइटिक एसिड टूट गया. जबकि जिस आटे को ऐसे ही रखा गया था उसमें सिर्फ 40% फाइटिक एसिड कम हुआ.
रिसर्च की सबसे खास बात ये थी कि ये फायदा फर्मेंटेशन करने वाले बैक्टीरिया की वजह से नहीं, बल्कि गेहूं में पहले से मौजूद फाइटेज एंजाइम की वजह से हुआ यानी इसके लिए खमीर या कोई खास चीज डालने की जरूरत नहीं है. नॉर्मल गेहूं का आटा भी थोड़ी देर रखने पर खुद ही ये काम कर लेता है.
क्या इससे शरीर को सच में फायदा होता है?
एक और स्टडी में वैज्ञानिकों ने चेक किया कि इसका असर सिर्फ आटे तक है या शरीर पर भी पड़ता है, उन्होंने कुछ स्वस्थ महिलाओं को 2 तरह की ब्रेड खिलाई.
- एक सामान्य आटे की और दूसरी फर्मेंटेड आटे की.
- फिर आयरन कितना सोखा गया ये नापा गया.
- रिजल्ट में पता चला कि फर्मेंटेड आटे की ब्रेड से शरीर ने लगभग 3 गुना ज्यादा आयरन सोखा.
इसका मतलब है कि आटे को थोड़ी देर रखकर बनाने से शरीर को आयरन जैसे जरूरी पोषक तत्व ज्यादा मिलते हैं.
इसे भी पढ़ें: नाश्ते में क्या बनाऊं? रोज की ये टेंशन खत्म! मिनटों में तैयार होगा ये स्वादिष्ट और हेल्दी खस्ता नाश्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं