किचन में खाना बनाते समय अक्सर छौंक और तड़के से निकलने वाला धुआं और तेल सीधे जाकर आपके किचन एग्जॉस्ट फैन पर जम जाता है. कुछ ही हफ्तों में एग्जॉस्ट फैन इतना चिपचिपा और काला पड़ जाता है कि उसे देखकर ही सफाई करने में आलस आने लगता है. अगर इसे समय पर साफ न किया जाए, तो यह ठीक से हवा खींचना भी बंद कर देता है और किचन में घुटन होने लगती है. अगर आपके किटन का एग्जॉस्ट फैन भी जिद्दी ग्रीस से ढक चुका है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. इसके लिए न तो किसी महंगे केमिकल की जरूरत है और न ही घंटों मेहनत करने की. बस कुछ आसान और घरेलू नुस्खे अपना कर इसे मिनटों में चमका सकते हैं.
सफाई करने से पहले किन बातों का रखें खास ख्याल-
सफाई का काम शुरू करने से पहले सबसे जरूरी बात है सुरक्षा. एग्जॉस्ट फैन की सफाई से पहले उसका स्विच बोर्ड से बंद कर दें और प्लग बाहर निकाल लें. अगर हो सके तो मेन स्विच से ही किचन की पावर सप्लाई बंद कर दें. सफाई के दौरान पानी या गीला कपड़ा फैन की मोटर के अंदर बिल्कुल नहीं जाना चाहिए, वरना फैन खराब हो सकता है और करंट लग सकता है.

Image NDTV
कैसे करें एग्जॉस्ट फैन की सफाई-
1. बेकिंग सोडा और डिशवॉश लिक्विड-
किचन की चिपचिपाहट दूर करने में बेकिंग सोडा से बेहतर कुछ नहीं हो सकता.
कैसे करें इस्तेमाल- एक कटोरी में 2 से 3 चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें.
कैसे करें सफाई- अगर फैन की ब्लेड्स अलग हो सकती हैं, तो उन्हें निकालकर इस पेस्ट को ब्लेड्स पर अच्छी तरह लगा दें. इसे 10 से 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. इसके बाद एक पुराने स्क्रबर या स्पंज की मदद से हल्के हाथों से रगड़ें. चिपचिपा तेल और ग्रीस मिनटों में बाहर निकल आएगा. फिर इसे गुनगुने पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ लें.
2. सिरका और गर्म पानी-
अगर चिकनाई बहुत पुरानी और सख्त हो चुकी है, तो सफेद सिरका आपकी पूरी मदद कर सकता है.
कैसे करें सफाई- एक बाल्टी में हल्का गर्म पानी लें और उसमें आधा कप सफेद सिरका और थोड़ा सा डिटर्जेंट पाउडर मिला लें. एग्जॉस्ट फैन की जाली या ब्लेड्स को इस पानी में 15-20 मिनट के लिए डुबोकर रख दें. सिरका जिद्दी से जिद्दी ग्रीस को काट देता है. 20 मिनट बाद एक पुराने टूथब्रश से कोनों की सफाई करें. सारी गंदगी आसानी से छूट जाएगी.
ये भी पढ़ें- बिना रगड़े रोटी का तवा कैसे चमकाएं? लोहे का तवा कैसे साफ करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं