विज्ञापन

ना प्याज, ना लहसुन, फिर भी स्वाद ऐसा कि मुंह में आ जाए पानी, ट्राई करें हिमाचली धाम का काले चने का खट्टा

सेहत और स्वाद से भरपूर है यह हिमाचली रेसिपी. इसे ​बिना प्याज-लहसुन के तैयार किया जाता है.

ना प्याज, ना लहसुन, फिर भी स्वाद ऐसा कि मुंह में आ जाए पानी, ट्राई करें हिमाचली धाम का काले चने का खट्टा
कैसे बनाएं हिमाचली रेसिपी.
NDTV

क्या आप भी रोज़-रोज़ वही प्याज और लहसुन वाली सब्जियां खाकर बोर हो गए हैं? अगर आपका जवाब हां है, तो हम आपके लिए एक ऐसी शानदार रेसिपी लेकर आए हैं, जो बिना प्याज और बिना लहसुन के बनती है, लेकिन इसका स्वाद ऐसा है कि खाने वाले उंगलियां चाटते रह जाएंगे. इस रेसिपी को यूट्यूब कुकिंग चैनल सागर इज किचन (Sagar's Kitchen) पर शेयर किया गया है. यह एक बहुत ही पुरानी और ऑथेंटिक रेसिपी है. जिसे हिमाचली धाम काले चने का खट्टा कहा जाता है. आइए जानते हैं इसे घर पर आसानी से कैसे बनाया जा सकता है.

​बिना प्याज-लहसुन के कैसे स्वाद आएगा- 

अक्सर लोगों को लगता है कि बिना प्याज और लहसुन के खाने में मजा नहीं आता, लेकिन हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक धाम स्टाइल में बनने वाला यह काले चने का खट्टा इस सोच को पूरी तरह बदल देता है. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसमें मसालों का सही तालमेल और इमली-गुड़ का खट्टा-मीठा स्वाद इसे एक अलग ही लेवल पर ले जाता है. साथ ही, इसमें डाले जाने वाले अखरोट का पेस्ट इस ग्रेवी को एक रिच और क्रीमी टेक्सचर देता है, जो सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है.

यहां देखें रेसिपी वीडियो- 

​कैसे बनाएं काले चने का खट्टा- (How To Make Kale Chane Ka Khatta)

  1. इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले एक कप भीगे हुए काले चने लें. 
  2. अब चनों को कुकर में पानी और थोड़ा सा नमक डालकर 5 से 6 सीटी आने तक अच्छी तरह उबाल लें. 
  3. जब चने उबल जाएं, तो उनका पानी अलग बर्तन में निकाल कर रख लें और चनों को अलग कर लें. 
  4. इसके बाद थोड़े से अखरोट को हल्का सा रोस्ट करके उनका छिलका उतार लें. 
  5. अब एक ओखली में थोड़ा सा घी डालकर इन अखरोटों को कूटकर बढ़िया सा पेस्ट तैयार कर लें. यह पेस्ट इस रेसिपी का सीक्रेट इंग्रीडिएंट है.
  6. असली स्वाद के लिए एक लोहे की कढ़ाई लें और उसमें सरसों का तेल गर्म करें.
  7. तेल गर्म होने के बाद इसमें खड़े मसाले डालें. इसके बाद इसमें दो चम्मच बेसन, थोड़ा सा धनिया-जीरा पाउडर, हल्दी पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर मसालों को अच्छी तरह भून लें.
  8. अब इसमें उबले हुए काले चने, थोड़ा सा काला नमक और सफेद नमक डालकर लगभग दो मिनट तक अच्छे से भूनें. 
  9. मसालों की यह भुनाई ही सब्जी में असली रंग और खुशबू लाती है.
  10. अब इस मिश्रण में चने का बचा हुआ उबला हुआ पानी और थोड़ा और एक्स्ट्रा पानी मिलाएं ताकि ग्रेवी बन सके. 
  11. स्वाद को बेहतरीन बनाने के लिए इसमें भीगी हुई इमली का पानी और थोड़ा सा गुड़ डालें. 
  12. गुड़ और इमली का यह मेल स्वाद को एकदम बैलेंस कर देता है. अब कढ़ाई को ढककर धीमी आंच पर लगभग 15 मिनट के लिए पकने दें. 
  13. जब यह पक जाए, तो इसमें तैयार किया हुआ अखरोट का पेस्ट और थोड़ा सा अमचूर पाउडर मिला दें. 
  14. ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर इसे गर्मा-गरम सर्व करें.

काले चने का खट्टा खाने के फायदे-

यह हिमाचली डिश सिर्फ स्वाद में ही बेहतरीन नहीं है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी बहुत फायदेमंद है. काले चने प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होते हैं, जो पाचन को ठीक रखते हैं और लंबे समय तक पेट को भरा रखते हैं. बिना प्याज और लहसुन की यह रेसिपी व्रत, त्योहार या सात्विक भोजन पसंद करने वालों के लिए एकदम परफेक्ट ऑप्शन है.

ये भी पढ़ें- खाने के पैकेट पर सिर्फ 'नो एडेड शुगर' लिखा देख ना खरीद लीजिए, देख लीजिए FSSAI की चेतावनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Himachali Recipe, Kale Chane, Chana Recipe, Himachali Dish, No Onion No Garlic Gravy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com