How To Prepare Magaj Seeds At Home: गर्मियों के मौसम में हम सभी तरबूज, खरबूज खूब खाना पसंद करते हैं. लेकिन अक्सर एक गलती हम में से ज्यादातर लोग करते हैं. वो है खरबूजा काटने के बाद उसके बीजों को कचरा समझकर डस्टबिन में फेंक देना. क्या आप जानते हैं कि जिस बीज को आप फेंक रहे हैं, वही बाजार में 'खरबूजे का मगज' के नाम से काफी महंगा बिकता है. क्योंकि इसे मिठाई से लेकर शाही ग्रेवी वाली सब्जियों तक में इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि आप इन्हें घर पर ही तैयार कर सकते हैं. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना, तो चलिए जानते हैं कैसे तैयार करें मगज के बीज.

घर पर मगज के बीज कैसे तैयार करें- (How to prepare Magaj seeds at home)
1. बीजों को इकट्ठा करें- जब भी घर में खरबूजा आए, उसे काटते समय बीच का गूदे वाला हिस्सा एक अलग बाउल में निकाल लें.
2. पानी में भिगोना- एक बड़े बर्तन में पानी लें और उसमें यह सारा गूदा डाल दें. अपने हाथों से इसे अच्छी तरह मसलें. ऐसा करने से गूदा बीजों से अलग होने लगेगा. जो भारी और अच्छे बीज होंगे, वे नीचे बैठ जाएंगे और हल्का गूदा ऊपर तैरने लगेगा.
3. छलनी- अब एक बड़ी छलनी लें और बीजों को बहते पानी के साथ धोएं. जब तक बीजों का चिपचिपापन पूरी तरह खत्म न हो जाए और वे बिल्कुल साफ न दिखने लगें.
4. सुखाना- साफ हुए बीजों को एक सूती कपड़े या बड़ी थाली में फैला दें. इन्हें 1-2 दिन तक तेज धूप में अच्छी तरह सूखने दें. याद रखें, अगर बीज थोड़े भी गीले रहे, तो इनमें फफूंद लग सकती है, इसलिए इनका पूरी तरह सूखना बहुत जरूरी है.
5. छिलका उतारना- जब बीज अच्छी तरह सूख जाएं, तो इन्हें हल्का सा भून लें या फिर बेलन की मदद से हल्का दबाव दें. इससे ऊपर का छिलका चटक जाएगा और अंदर की सफेद गिरी (मगज) आसानी से बाहर आ जाएगी.

किन रेसिपीज में करें इस्तेमाल-
- शाही सब्जियां- पनीर या मलाई कोफ्ता की ग्रेवी को गाढ़ा और क्रीमी बनाने के लिए इनका इस्तेमाल कर सकते हैं.
- मिठाइयां- लड्डू, हलवा या बर्फी की गार्निशिंग के लिए भी इनका इस्तेमाल कर सकते हैं.
- स्मूदी और शेक- अपनी सुबह की ड्रिंक को हेल्दी बनाने के लिए इसमें मगज डाल सकते हैं.
ये भी पढ़ें- दही खट्टा हो जाता है जल्दी? ये 1 तरीका रखेगा पूरे दिन फ्रेश और मीठा
मोटापा कैसे कम करें? | मोटापा दूर करने के तरीके | Motapa Kaise Kam Kare
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं