आज के समय में आयरन की कमी एक बड़ी समस्या है. इसका मुख्य कारण है खान-पान और पोषण में कमी. अक्सर आयरन की कमी को पूरा करने के लिए लोग आयरन की गोलियां (Iron Tablets) खाना शुरू कर देते हैं. लेकिन इन गोलियों के साथ एक बड़ी दिक्कत यह है कि इन्हें खाते ही कई लोगों का पेट खराब हो जाता है और कब्ज की शिकायत होने लगती है. अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आज हम आपको दवा नहीं बल्कि ऐसे लड्डू बता रहे हैं, जिसे खाने से न सिर्फ आयरन की कमी दूर होगी बल्कि पेट भी ठीक रहेगा.
न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा ने एक ऐसे लड्डू की रेसिपी बताई है, जो पोषण से भरपूर है. आइए जानते हैं कि इस खास लड्डू को बनाने का तरीका.
कैसे बनाएं पोषण से भरपूर लड्डू- (How To Make Laddu)
- इस लड्डू को बनाना बेहद आसान है और इसमें इस्तेमाल होने वाली सभी चीजें आपको घर या पास की दुकान में आसानी से मिल जाएंगी.
- सबसे पहले हलीम के बीजों (Halim Seeds) को 1 कप पानी में लगभग 4 घंटे के लिए भिगोकर रख दें.
- 4 घंटे बाद आप देखेंगे कि ये बीज मुलायम और हल्के चिपचिपे हो गए हैं. अब एक पैन में थोड़ा सा घी गर्म करें.
- इसमें भिगोए हुए हलीम बीज और मैश किए हुए खजूर डालें. इसे धीमी आंच पर करीब 8 मिनट तक अच्छे से पकाएं ताकि सारा पानी पूरी तरह सूख जाए.
- इसके बाद इसमें भुने चने का सत्तू और रामदाना यानी अमारैंथ (Amaranth) डालकर अच्छे से मिला लें.
- जब मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए, तो इसके छोटे-छोटे लड्डू बना लें. आप इन लड्डुओं को फ्रिज में रखकर पूरे 15 दिनों तक आराम से खा सकते हैं.
यह लड्डू क्यों है इतना खास?
- हलीम के बीज- (Halim Seeds) हलीम के बीज पौधों से मिलने वाले आयरन का सबसे बड़ा और ताकतवर जरिया हैं. यह बहुत तेजी से हीमोग्लोबिन के लेवल को बढ़ाने में मदद करते हैं.
- चना सत्तू- (Chana Sattu) सत्तू में भरपूर मात्रा में घुलनशील फाइबर होता है. यह पेट को साफ करने और आंतों की हलचल को आसान बनाने में मदद करता है, जिससे पेट में दर्द या ऐंठन नहीं होती.
- खजूर और रामदाना- (Dates And Amaranth) खजूर और रामदाना कुदरती तौर पर पेट साफ करने का काम करते हैं. इसके अलावा, इनमें फोलेट और भरपूर आयरन होता है जो कमजोरी को दूर भगाता है.
ये भी पढ़ें- जब बारिश और भूख दोनों साथ आएं, सिर्फ 15 मिनट में बनाएं ये 5 फ्राइड स्नैक्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं