Homemade Protein Powder Recipe: आजकल फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर लोगों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में प्रोटीन की जरूरत को पूरा करने के लिए कई लोग बाजार में मिलने वाले प्रोटीन पाउडर का सहारा लेते हैं. हालांकि हर किसी के लिए महंगे सप्लीमेंट खरीदना आसान नहीं होता. साथ ही कई लोग ऐसे प्रोडक्ट्स में मौजूद अतिरिक्त शुगर, फ्लेवर और प्रिजर्वेटिव्स से भी बचना चाहते हैं. ऐसे में घर पर तैयार किया गया प्रोटीन पाउडर एक अच्छा विकल्प बन सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर चीजें आसानी से रसोई में मिल जाती हैं. बादाम, अखरोट, बीज और सूखे फलों से तैयार यह पाउडर स्वाद और पोषण दोनों का अच्छा मेल माना जाता है.
घर पर प्रोटीन पाउडर बनाने के लिए क्या चाहिए- (Ingredients For Making Protein Powder)
- 1/2 कप बादाम
- 1/2 कप अखरोट
- 1/2 कप काजू
- 1/2 कप पिस्ता
- 3 चम्मच सूरजमुखी के बीज
- 3 चम्मच तिल
- 3 चम्मच खरबूजे के बीज
- 3 चम्मच किशमिश
- 3 चम्मच सूखे अंजीर
- 1 चम्मच सौंफ
- 1/2 चम्मच इलायची पाउडर
- 2 चुटकी केसर
- 1 चम्मच घी
ऐसे तैयार करें प्रोटीन पाउडर- (How To Make Protein Powder At Home)
- सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें. अब इसमें बादाम, काजू, अखरोट और पिस्ता डालकर हल्का भून लें. इन्हें ज्यादा भूरा करने की जरूरत नहीं है. जब सभी नट्स ठंडे हो जाएं तो इन्हें अलग रख दें.
- अब मिक्सर जार में सूरजमुखी के बीज, तिल, खरबूजे के बीज, किशमिश और सूखे अंजीर डालें. इसके साथ भुने हुए नट्स भी मिला दें. सभी चीजों को अच्छी तरह पीस लें. इसके बाद इसमें सौंफ, इलायची पाउडर और केसर डालकर एक बार फिर ब्लेंड करें.
- ध्यान रखें कि मिश्रण को लगातार बहुत देर तक न पीसें, वरना नट्स का तेल निकल सकता है. पाउडर तैयार होने के बाद इसे कुछ देर खुला छोड़ दें ताकि अतिरिक्त नमी निकल जाए.
कैसे करें इस्तेमाल-
इस पाउडर की 1 से 2 चम्मच मात्रा गर्म या गुनगुने दूध में मिलाकर पी जा सकती है. इसे स्मूदी, शेक या ओट्स में भी मिलाया जा सकता है. सुबह के नाश्ते के साथ इसका सेवन कई लोगों को पसंद आता है.
स्टोर करने का सही तरीका
तैयार पाउडर को एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें. नमी से दूर रखने पर यह कई हफ्तों तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है.
किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
अगर किसी को नट्स से एलर्जी है या वह किसी खास मेडिकल डाइट का पालन कर रहा है, तो इस तरह का पाउडर अपनी डाइट में शामिल करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर रहेगा. घर पर बना यह प्रोटीन पाउडर स्वादिष्ट होने के साथ-साथ रोजमर्रा की डाइट में पोषण बढ़ाने का आसान तरीका भी हो सकता है.
यह भी पढ़ें- Masala Tea: दुनिया की सबसे पसंदीदा चाय बनी भारतीय मसाला चाय, चीन-जापान की चाय को दी मात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं