Cheap Protein Rich Foods In Hindi: प्रोटीन की नाम लेते ही सबसे पहला ख्याल दिमाग में अंडे का आता है. क्योंकि प्रोटीन की कमी को पूरा करने और मसल्स बनाने के लिए जिम जाने वाले अक्सर सुबह-सुबह उबले अंडे खाना पसंद करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके किचन में कुछ ऐसी देसी चीजें मौजूद हैं, जो अंडे से 3 गुना तक सस्ती हैं और उनमें अंडे से दोगुना प्रोटीन मिलता है? जी हां, महंगाई के इस दौर में अगर आप रोज-रोज अंडा नहीं खाना चाहते या आप पूरी तरह शाकाहारी (Vegetarian) हैं, तो इन चीजों को डाइट में शामिल कर सकते हैं.
प्रोटीन की कमी के लिए क्या खाएं- (Protein Ke Liye Kya Khaye)
1. सोयाबीन-
अगर प्रोटीन के मामले में किसी चीज को 'किंग' कहा जा सकता है, तो वो है सोयाबीन. आपको जानकर हैरानी होगी कि जहां एक सामान्य अंडे में करीब 6 ग्राम प्रोटीन होता है, वहीं सिर्फ 100 ग्राम सोयाबीन की न्यूट्रिशन वैल्यू देखें तो उसमें लगभग 36 से 40 ग्राम तक प्रोटीन मिल सकता है.
कैसे करें सेवन- इसे आप सब्जी, पुलाव या उबालकर सलाद के रूप में खा सकते हैं.

2. काला और सफेद चना-
हमारे बुजुर्ग हमेशा सुबह-सुबह भीगे हुए चने खाने की सलाह देते थे, और उनकी यह बात बिल्कुल सच है. चने को प्रोटीन का सबसे बेहतरीन और सस्ता जरिया माना जाता है. क्योंकि 100 ग्राम चने में करीब 19 ग्राम प्रोटीन होता है.
कैसे करें सेवन- अगर आप सुबह खाली पेट भीगे हुए या अंकुरित (Sprouted) चने खाते हैं, तो यह आपके शरीर को दिनभर के लिए एनर्जी देता है. इसे आप उबालकर भी खा सकते हैं.
3. दालें-
हमारे घरों में रोज बनने वाली दालें सिर्फ पेट भरने के लिए नहीं हैं, बल्कि यह प्रोटीन का एक बहुत बड़ा सोर्स हैं. मूंग, मसूर, अरहर (तुअर), और उड़द जैसी दालों में भरपूर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है. अगर आप 100 ग्राम कच्ची दाल लेते हैं, तो उसमें लगभग 22 से 24 ग्राम तक प्रोटीन होता है.
कैसे करें सेवन- दोपहर या रात के खाने में एक बड़ी कटोरी गाढ़ी दाल, या दाल से टेस्टी नाश्ता बना सकते हैं.
4. दही-
गर्मियों के मौसम में दही हर घर में खाया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सादा दही भी प्रोटीन का एक बहुत अच्छा जरिया है? खासकर अगर आप दही का पानी छानकर उसे गाढ़ा (Hung Curd) कर लें, तो इसका प्रोटीन कंटेंट और बढ़ जाता है. 100 ग्राम सामान्य दही में करीब 11 ग्राम तक प्रोटीन मिल सकता है.
कैसे करें सेवन- इसे आप रायता बनाकर खा सकते हैं, या छाछ और लस्सी के रूप में पी सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Leftover Dal Paratha: रात की बची हुई दाल फेंके नहीं, सिर्फ 10 मिनट में बनाएं खस्ता पराठा
दिल की बीमारियां कैसे होंगी दूर, बता रहे जाने-माने पद्मभूषण डॉक्टर TS Kler
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं