विज्ञापन

गणेश चतुर्थी पर 5 दिनों तक क्या भोग लगाएं? बप्पा को बेहद पसंद हैं ये 5 चीजें, नोट करें रेसिपी

भाद्रपद में बप्पा का स्वागत है! रोज नए भोग की टेंशन खत्म,यहां हैं बप्पा के 5 दिन के लिए आसान और सात्विक प्रसाद की रेसिपी.

गणेश चतुर्थी पर 5 दिनों तक क्या भोग लगाएं? बप्पा को बेहद पसंद हैं ये 5 चीजें, नोट करें रेसिपी
गणेश चतुर्थी पर बप्पा को कौन सा पसंदीदा भोग लगाएं?
NDTV

भाद्रपद महीना शुरू होते ही चारों तरफ ढोल-नगाड़ों की गूंज और गणपति बप्पा मोरया के जयकारे सुनाई देने लगते हैं. दस दिनों तक चलने वाले इस गणेशोत्सव में घर-घर में गजानन विराजते हैं. सुबह-शाम की आरती, भजनों की मिठास और श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है, लेकिन पूजा की तैयारियों के बीच सामने सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आज बप्पा को क्या नया भोग लगाया जाए. अगर आप भी इस सोच में हैं कि रोज क्या अलग बनाया जाए जो जल्दी भी बन जाए और स्वाद में भी लाजवाब हो, तो यह आसान सी रेसिपी लिस्ट आपके बहुत काम आने वाली है.

गणेश जी का 5 दिनों का भोग

स्टीम्ड उकडीचे मोदक बप्पा की पहली पसंद

  1. चावल के आटे की बाहरी परत तैयार करने के लिए उबलते पानी में थोड़ा घी और चुटकी भर नमक डालकर आटा मुलायम गूंथ लें.
  2. भरावन के लिए कद्दूकस किए नारियल और गुड़ को धीमी आंच पर एक साथ पकाएं.
  3. जब दोनों अच्छी तरह मिल जाएं, तो इसमें इलायची पाउडर मिला लें.
  4. अब आटे की छोटी लोई बनाकर उसमें यह मीठा मिश्रण भरें, ऊपर से कलीदार आकार देकर बंद करें और 10 से 12 मिनट भाप में पकाएं.
  5. भोग लगाते समय ऊपर से थोड़ा देसी घी जरूर डालें.

दानेदार बेसन और मोतीचूर के लड्डू

  1. एक भारी कढ़ाही में देसी घी गरम करें और उसमें मोटा बेसन डालकर धीमी आंच पर लगातार भूनते रहें.
  2. जब बेसन सुनहरा हो जाए और पूरे घर में उसकी सौंधी खुशबू फैलने लगे, तो गैस बंद कर दें.
  3. जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तब इसमें पिसी हुई खांड या तगार और कुटी हुई हरी इलायची अच्छी तरह मिला लें.
  4. हाथों पर हल्का सा घी लगाकर गोल-गोल लड्डू बांध लें और ऊपर से पिस्ता या बादाम लगा दें. यह लड्डू कई दिनों तक एकदम ताजे रहते हैं.

पंचामृत और सात्विक चूरमा

  1. जब समय की कमी हो, तब चूरमा सबसे आसान भोग है.
  2. मोटे गेहूं के आटे से कड़क रोटियां बनाकर धीमी आंच पर सेकें.
  3. ठंडी होने पर इन्हें हाथों से मसलकर मिक्सी में दरदरा पीस लें और इसमें घी, गुड़ या बुरा और सूखे मेवे मिला दें साथ ही गाय के दूध, दही, शहद, गंगाजल और तुलसी मिलाकर पंचामृत तैयार करें. 

महाराष्ट्रियन पूरन पोली का जायका

  1. चने की दाल को उबालकर गुड़ के साथ तब तक पकाएं जब तक वह गाढ़ा पेस्ट न बन जाए, इसे पूरन कहते हैं.
  2. अब गेहूं के आटे की लोई में यह पूरन भरकर हल्के हाथों से बेलें और तवे पर देसी घी लगाकर दोनों तरफ से अच्छे से सेक लें. 

सफेद नारियल की ताजी बर्फी

  1. ताजे पानी वाले नारियल का भूरा छिलका उतारकर उसे मिक्सी में पीस लें या बारीक घिस लें.
  2. एक पैन में थोड़ा घी डालकर नारियल को दो मिनट भूनें, फिर उसमें गाढ़ा दूध और स्वादानुसार चीनी डालें.
  3. धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि सारा दूध सूख न जाए और मिश्रण पैन के किनारे न छोड़ने लगे.
  4. इसमें थोड़ा इलायची पाउडर डालें और घी लगी थाली में इस मिश्रण को अच्छी तरह दबाकर फैला दें.
  5. जब यह ठंडा होकर जम जाए, तो चाकू से मनचाहे टुकड़ों में काट लें. 
  6. सफेद और रसीली नारियल बर्फी बप्पा को भोग लगाने के लिए तैयार है.

भोग बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान 

  1. रसोई और हाथों की स्वच्छता का पूरा ध्यान रखें, स्नान के बाद ही प्रसाद बनाएं.
  2. भोग में लहसुन या प्याज का इस्तेमाल बिल्कुल न करें.
  3. जब तक बप्पा को भोग न लग जाए, तब तक इसे चखें नहीं.
  4. भगवान को अर्पित करते समय नैवेद्य पर तुलसी पत्र जरूर रखें. 

Watch Video: 

इसे भी पढ़ें: Hartalika Teej 2026: हरतालिका तीज पर माता पार्वती और भगवान शिव को लगाएं सूजी के हलवे का भोग, नोट करें रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganesh Chaturthi, Ganesh Chaturthi Recipes For Bhog, Ganesh Chaturthi Prasad Ideas, Ganesh Ustav, Ganesh Chaturthi Recipes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com