Nimona Recipe: भारत में हर क्षेत्र की अपनी खास डिश होती है, जो वहां की संस्कृति और स्वाद को दर्शाती है. उत्तर प्रदेश की ऐसी ही एक पारंपरिक रेसिपी है निमोना. यह खासतौर पर लखनऊ और पूर्वांचल के इलाकों में बनाई जाती है. हरे मटर से बनने वाली यह डिश स्वाद में जितनी अनोखी होती है, उतनी ही पौष्टिक भी मानी जाती है. सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार ने भी अपने कुकिंग शो और वीडियो में निमोना जैसे पारंपरिक भारतीय डिश की रेसिपी शेयर की है जो हम आपको बता रहे हैं.
निमोना बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Nimona)
- 2 कप हरे मटर
- 2 आलू, टुकड़ों में कटे हुए
- 1 प्याज, बारीक कटा हुआ
- 2 टमाटर, बारीक कटे हुए
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1 हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
- हरा धनिया सजावट के लिए
निमोना बनाने का तरीका- (How to Make Nimona)
- सबसे पहले हरे मटर को दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि इसे बिल्कुल महीन पेस्ट नहीं बनाना है. अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें.
- इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ मिनट पकाएं. अब टमाटर और सभी मसाले डालकर तब तक भूनें जब तक तेल अलग न होने लगे.
- अब कटे हुए आलू डालें और 3 से 4 मिनट तक पकाएं. इसके बाद दरदरे पिसे मटर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. लगभग 5 मिनट तक भूनने के बाद जरूरत अनुसार पानी डालें और ढककर 15 मिनट तक पकने दें.
- जब आलू और मटर अच्छी तरह पक जाएं तो ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म परोसें.
हरे मटर में फाइबर, प्रोटीन और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं. वहीं सरसों के तेल और देसी मसालों का स्वाद इसे साधारण मटर की सब्जी से बिल्कुल अलग बना देता है. इसे रोटी, पराठे या सादे चावल के साथ परोसा जाता है.
यह भी पढ़ें- Mango Kheer Recipe: आम की मिठास और खीर का क्रीमी स्वाद, गर्मियों में मेहमानों को जरूर खिलाएं यह खास डेजर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं