विज्ञापन

'मुस्लिम नाम क्यों रखा?' बेटी के नाम पर उठा सवाल तो मां ने दिया ये जवाब, वायरल हुई पोस्ट

गायनेकोलॉजिस्ट बबीता शेओकंद ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को 'बरकत' नाम क्यों दिया.

'मुस्लिम नाम क्यों रखा?' बेटी के नाम पर उठा सवाल तो मां ने दिया ये जवाब, वायरल हुई पोस्ट
'बेटी का नाम मुस्लिम क्यों रखा?' मां के जवाब ने जीता लाखों लोगों का दिल
(P.C- @gynaecologist_drbabita/Instagram)

आज के समय में सोशल मीडिया पर हर दिन कई कहानियां वायरल होती हैं, लेकिन कुछ कहानियां लोगों के दिलों को छू जाती हैं. ऐसा ही एक खूबसूरत किस्सा इन दिनों इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है. एक मां ने अपनी बेटी के नाम को लेकर पूछे जाने वाले सवालों का ऐसा जवाब दिया कि लाखों लोग उसकी तारीफ कर रहे हैं.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, गायनेकोलॉजिस्ट बबीता शेओकंद ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी बेटी और पति के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्होंने बताया कि उनसे अक्सर पूछा जाता है, 'आपने अपनी बेटी का मुस्लिम नाम क्यों रखा है?' 

अब, लोगों के इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'बरकत मेरे लिए किसी धर्म से जुड़ा हुआ नाम नहीं है, बल्कि एक खूबसूरत भावना और आशीर्वाद है. बरकत का मतलब है खुशहाली और समृद्धि.' गायनेकोलॉजिस्ट ने बताया कि ये  नाम उनकी बेटी के जन्म से पहले ही उसके पिता भारत ने सोच लिया था.

बेटी बनी परिवार के लिए 'बरकत'

डॉक्टर बबीता ने बताया कि शुरुआत में उनकी बेटी के दादाजी इस नाम को लेकर थोड़ा संकोच महसूस करते थे. लेकिन समय के साथ जब उन्होंने अपनी पोती की मुस्कान, उसकी छोटी-छोटी उपलब्धियां और परिवार में उसकी मौजूदगी से आई खुशियां देखीं, तो उन्हें भी इस नाम का असली मतलब समझ आ गया. उन्होंने लिखा कि उनकी बेटी सचमुच उनके परिवार के लिए प्यार और खुशियों की 'बरकत' बनकर आई है.

पोस्ट में मां ने यह भी कहा कि भारत की खूबसूरती इसी बात में है कि यहां शब्द और भावनाएं किसी धर्म या पहचान की सीमाओं में बंधी नहीं हैं. प्यार, दया और आशीर्वाद सभी के लिए समान हैं.

यहां देखें पोस्ट 

अब, गायनेकोलॉजिस्ट का ये जवाब लोगों को खूब पसंद आ रहा है. पोस्ट पर हजारों लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'कुछ नाम प्यार लेकर आते हैं, कुछ कहानियां और कुछ आशीर्वाद. बरकत में ये तीनों बातें हैं.' लाखों लोग महिला की सोच की जमकर तारीफ कर रहे हैं. 

यह भी पढ़ें- 'उसने मुझे थप्पड़ मारा', 40 रुपये के लिए Uber ड्राइवर ने महिला से की बदसलूकी, वायरल वीडियो के बाद कंपनी ने ऐसे दी सफाई

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com