सत्तू सिर्फ गर्मियों का शरबत तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे बनने वाली यह मसालेदार और खस्ता छोटी रोटियां उत्तर भारत के गांवों की बेहद पसंदीदा डिश हैं. जब गरमा-गरम रोटियों पर घी पिघलता है और साथ में तीखा आलू का चोखा मिल जाए, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है. कई बार लोग इसे ये सोचकर नहीं बना पाते कि मुश्किल है या पता नहीं कितना टाइम लगेगा, लेकिन क्या आप जानते हैं @nishamadhulika कि बताई इस रेसिपी की खास बात यह है कि यह बनाने में बेहद आसान है और कम सामग्री में बन जाती है.
ये देखिए वीडियो...
सामग्री:
रोटी के डो के लिए:
- गेहूं का आटा (2 कप)
- सूजी ( 2 बड़े चम्मच)
- अजवाइन (आधा छोटी चम्मच)
- नमक (1 छोटी चम्मच)
- मोइन के लिए घी (2 चम्मच)
- पानी (आवश्यकतानुसार)
मसालेदार सत्तू स्टफिंग के लिए:
- चना सत्तू (1 कप)
- आम के अचार का मसाला (1 से 2 चम्मच)
- हरी मिर्च (2 बारीक कटी)
- अदरक (1 इंच कद्दूकस किया हुआ)
- हरा धनिया (मुट्ठी भर बारीक कटा)
- हल्दी पाउडर (आधा छोटी चम्मच)
- लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
- नमक (स्वादानुसार)
- पानी (बाइंडिंग के लिए चौथाई कप)
सकने और परोसने के लिए:
- शुद्ध देसी घी
खाने के लिए:
- गर्मा-गरम आलू का चोखा
बनाने की विधि:
- एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी, अजवाइन, नमक और घी को आपस में अच्छी तरह मिला लें.
- अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए न तो बहुत ज्यादा नरम और न ही बहुत ज्यादा सख्त, बल्कि एक मीडियम और लचीला आटा गूंथकर तैयार कर लें.
- आटे को ढककर बीस मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.
- अब एक अलग बाउल में सत्तू लें, इसमें आम के अचार का मसाला, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें.
- इस मिश्रण में चौथाई कप पानी छिड़कते हुए हाथों से अच्छे से मिलाएं, ताकि सत्तू में हल्की नमी आ जाए और वह बिखरे नहीं.
- आटा सेट हो चुका है, अब इसकी छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें.
- इसी तरह सत्तू के मिश्रण से भी छोटे-छोटे गोल गोले बना लें.
- आटे की एक लोई लेकर उसे हाथों से फैलाते हुए प्याले का आकार दें.
- इसके बीच में सत्तू का गोला रखें और किनारों को समेटते हुए अच्छी तरह बंद कर दें.
- अब इस भरी हुई लोई पर सूखा आटा लगाएं और बेलन की मदद से हल्के हाथों से छोटी और गोल रोटियां बेल लें.
- तवे को मीडियम आंच पर गर्म करें और बेली हुई रोटी को उस पर डाल दें.
- जब निचली सतह हल्की सी सिक जाए, तो इसे पलट दें.
- अब आंच को धीमा से मध्यम रखते हुए, रोटियों को डायरेक्ट आंच पर या तवे पर ही उलट-पलट कर तब तक सेकें जब तक कि दोनों तरफ सुनहरी चित्तियां न उभर आएं.
- आखिर में, गरमा-गरम रोटियों पर दोनों तरफ से भरपूर घी लगाएं और प्लेट में उतार लें.
- इन्हें तुरंत ही तीखे और चटपटे आलू के चोखे के साथ सर्व करें, यह मेल वाकई लाजवाब लगता है.
इसे भी पढ़ें: 99% लोग मशरूम की सब्जी बनाते समय करते हैं ये बड़ी गलती, जानिए इसे Vitamin D से भरपूर बनाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं