यूरिक एसिड की परेशानी आज के समय में काफी ज्यादा कॉमन होती जा रही है. इसके पीछे का मुख्य कारण खराब लाइफस्टाइल और गलत खानपान होता है. ये एक ऐसी स्थिति है, जिसकी वजह से जोड़ों में क्रिस्टल जमा होने लगते हैं. ऐसी स्थिति में काफी तेज दर्द और सूजन की परेशानी होने लगती है. कई बार स्थिति इतनी ज्यादा गंभीर हो जाती है कि मरीज को उठने-बैठने तक में परेशानी होती है. ऐसे में दवाओं के साथ-साथ खानपान को भी सही करना होता है. हम आपको कुछ ऐसी चटनी की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिससे जोड़ों में जमा यूरिक एसिड की परेशानी को कम किया जा सकता है. यहां जानते हैं इन खास चटनियों के बारे में-
1. धनिया-पुदीना की चटनी
धनिया और पुदीना दोनों ही शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं. धनिया में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और पुदीने के सूजनरोधी गुण शरीर में जमा विषैले तत्वों को बाहर निकालने में सहायक हो सकते हैं. यह चटनी पाचन को भी बेहतर बनाती है, जिससे मेटाबॉलिज्म सही तरीके से काम करता है. धनिया, पुदीना, अदरक, नींबू का रस और थोड़ा सा काला नमक मिलाकर चटनी तैयार की जा सकती है. इसे खाने के साथ नियमित रूप से लिया जा सकता है.
2. अदरक-लहसुन की चटनी
अदरक और लहसुन अपने शक्तिशाली एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुणों के लिए जाने जाते हैं. विशेषज्ञों के अनुसार, ये दोनों सामग्री जोड़ों में होने वाली सूजन और दर्द को कम करने में मदद कर सकती हैं. अदरक में मौजूद जिंजरॉल और लहसुन में पाए जाने वाले सल्फर यौगिक शरीर की सूजन को नियंत्रित करने में भूमिका निभाते हैं. अदरक, लहसुन, धनिया पत्ती और थोड़ा नींबू मिलाकर बनाई गई चटनी स्वाद के साथ स्वास्थ्य लाभ भी दे सकती है. हालांकि जिन लोगों को पेट संबंधी समस्या हो, उन्हें सीमित मात्रा में इसका सेवन करना चाहिए.
3. अलसी और टमाटर की चटनी
अलसी ओमेगा-3 फैटी एसिड का अच्छा स्रोत मानी जाती है. ओमेगा-3 शरीर में सूजन को कम करने में मदद करता है. वहीं टमाटर में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में सहायक हो सकते हैं. अलसी और टमाटर की चटनी जोड़ों में होने वाली असहजता को कम करने में सहयोग कर सकती है. भुनी हुई अलसी, टमाटर, हरी मिर्च और धनिया मिलाकर स्वादिष्ट चटनी तैयार की जा सकती है. इसे रोटी या नाश्ते के साथ खाया जा सकता है.
चटनी के साथ-साथ दवा भी है जरूरी
ध्यान रखें कि यूरिक एसिड की परेशानी में चटनी या फिर खानपान पर निर्भर रहना सही नहीं है. इसके साथ-साथ आपको समय पर दवाएं और डॉक्टर की एर से दिए गए दिशा-निर्देशों को अच्छे से फॉलो करने की जरूरत होती है.
ये भी पढ़ें - यूरिक एसिड में नींबू पानी कब पीना चाहिए? ये समय है सबसे बेस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं