Rajasthani Besan Gatte Ki Sabji: राजस्थानी खाने का जिक्र होते ही मुंह में पानी आ जाता है. अगर आप भी रोज-रोज वही एक जैसी दाल और हरी सब्जियां खाकर बोर हो गए हैं? तो एक बार राजस्थान की ये पॉपुलर बेसन गट्टे की सब्जी जरूर करें ट्राई. मुंह में घुल जाने वाले सॉफ्ट बेसन गट्टे और दही-मसालों की चटपटी, गाढ़ी ग्रेवी का स्वाद ही अलग होता है.
अक्सर आपने कई लोगों से सुना होगा कि घर पर गट्टे (Gatte ki Sabji) उबालते समय सख्त हो जाते हैं, पानी में जाकर फट जाते हैं या फिर दही डालते ही ग्रेवी फट जाती है. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो निशा मधुलिका द्वारा शेयर इस रेसिपी को एक बार जरूर करें ट्राई.
कैसे बनाएं गट्टे की सब्जी- (How To Make Gatte ki Sabji Recipe)
सामग्री-
गट्टे के लिए-
- बेसन- 1 कप
- नमक- ⅓ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- अजवाइन- ¼ छोटी चम्मच (हाथ से क्रश की हुई)
- दही- 2 टेबलस्पून
- तेल- 1 टेबलस्पून
- कसूरी मेथी- ¼ छोटी चम्मच
मसाले और ग्रेवी के लिए-
- टमाटर- 2
- हरी मिर्च- 1
- अदरक- ½ इंच
- दही- ½ कप (फेंटा हुआ)
- कश्मीरी लाल मिर्च- 1 छोटी चम्मच
- हल्दी पाउडर- ¼ छोटी चम्मच
- धनिया पाउडर- 1 छोटी चम्मच
- जीरा पाउडर- ½ छोटी चम्मच
- जीरा- ½ छोटी चम्मच
- हींग- 2 पिंच
- सबुत गरम मसाले- 1 दालचीनी का टुकड़ा, 2 लौंग, 5-6 काली मिर्च, 1 बड़ी इलायची के दाने और 1 तेजपत्ता
- नमक- ¾ छोटी चम्मच
- कसूरी मेथी- 1 टेबलस्पून (भुनी हुई)
- तेल- 5 टेबलस्पून
- हरा धनिया- थोड़ा सा बारीक कटा हुआ

कैसे बनाएं स्वादिष्ट बेसन गट्टे की सब्जी.
विधि-
- सबसे पहले एक बर्तन में बेसन निकालें. इसमें नमक, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन, कसूरी मेथी, 2 चम्मच दही और 1 चम्मच तेल मिलाएं.
- सब कुछ अच्छे से मिलाने के बाद बिल्कुल थोड़ा सा पानी डालकर जैसा आटा रोटी-पराठे के लिए गूंथते हैं, उससे हल्का सा सख्त आटा गूंथ लें. इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर सेट होने दें.
- सेट हुए आटे को थोड़ा तेल लगाकर 2 मिनट मलें और फिर 4-5 इंच लंबे पतले रोल बना लें.
- अब एक बर्तन में पानी उबालें. याद रखें, जब पानी में तेज उबाल आ जाए तभी गट्टों को पानी में डालें.
- इसे तेज आंच पर 10-12 मिनट तक उबलने दें. जब गट्टों के ऊपर छोटे-छोटे दाने (बबल्स) दिखने लगें और वे पानी के ऊपर तैरने लगें, तो समझ जाएं कि गट्टे पक चुके हैं.
- इन्हें निकालकर ठंडा करें और 1-1 सेमी के छोटे टुकड़ों में काट लें.
- कढ़ाई में 4 टेबलस्पून तेल गरम करें और कटे हुए गट्टों को तेज आंच पर हल्का सा सेंक लें. इससे गट्टों का स्वाद बढ़ जाता है.
- जार में टमाटर, हरी मिर्च और अदरक डालकर पीस लें. आधे कप फेंटे हुए दही में कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और जीरा पाउडर मिलाकर अलग रख लें.
- अब उसी कढ़ाई के गरम तेल में जीरा, हींग, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च, बड़ी इलायची के दाने और तेजपत्ता डालकर भूनें.
- इसके बाद टमाटर-अदरक का पेस्ट डालकर ढककर 2-3 मिनट पकाएं ताकि तेल अलग हो जाए.
- गैस बंद कर दें और मसाले को थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद ही दही का मिक्सचर मिलाएं.
- अब गैस ऑन करें और इसे लगातार चलाते हुए उबाल आने तक भूनें ताकि दही फटे नहीं.
- जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब इसमें गट्टे वाला उबला हुआ पानी डाल दें.
- ग्रेवी में उबाल आने पर स्वादानुसार नमक, भुनी कसूरी मेथी और हरा धनिया मिलाएं.
- अब इसमें फ्राई किए हुए गट्टे डालें और ढककर 2-3 मिनट के लिए पकने दें ताकि गट्टे सारे मसालों का फ्लेवर सोख लें.
- आपकी गरमा-गरम, खुशबूदार और सॉफ्ट राजस्थानी गट्टे की सब्जी तैयार है. इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ सर्व करें.
परफेक्ट गट्टे की सब्जी के 3 सीक्रेट टिप्स-
- गट्टे का आटा गूंथते समय 2 चम्मच दही और थोड़ा सा तेल जरूर डालें.
- गट्टों को हमेशा उबलते हुए पानी में ही डालें, ठंडे या हल्के गरम पानी में डालने से वे घुल जाएंगे.
- दही का मसाला डालते समय गैस की फ्लेम बंद कर दें या एकदम धीमी रखें, और नमक सबसे आखिरी में उबाल आने के बाद ही डालें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है पोषण से भरपूर पंजाब में बनने वाली आटे की पिन्नी, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं