Benefits of the Persimmon: गर्मी की शुरुआत होते ही आम, तरबूज, अंगूर, लीची जैसे फलों की बहार आ जाती है. लेकिन आज हम बात कर रहे हैं एक ऐसे फल की जो दूसरे फलों की तरह बाजार में आसानी से नहीं मिलता, लेकिन गुणों की बात करें तो ये सभी फलों का सरताज है. तेंदू नाम का ये फल छत्तीसगढ़ में गर्मी के इस मौसम में ही मिलता है. खास बात यह है कि सिर्फ इसका फल ही नहीं, बल्कि इसके पत्ते और छाल भी औषधीय गुणों से भरपूर माने जाते हैं. ऐसे में यह जानना दिलचस्प है कि आखिर यह साधारण दिखने वाला फल इतना खास क्यों माना जाता है.
तेंदू फल के फायदे (Benefits of the Persimmon)
विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर
तेंदू फल में विटामिन A, विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट (Antioxidants) अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं. ये तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद करते हैं और कई बीमारियों से बचाव में बेहद कारगर माने जाते हैं. गर्मियों में शरीर को ठंडक देने के लिए भी इसे फायदेमंद बताया जाता है.

पाचन के लिए फायदेमंद, कब्ज-गैस में राहत
तेंदू फल का सबसे बड़ा असर पाचन तंत्र पर देखने को मिलता है. इसमें मौजूद फाइबर (Fibre) पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है. इसके सेवन से कब्ज (Constipation), गैस और अपच (Indigestion) जैसी समस्याओं में राहत मिल सकती है. यही वजह है कि ग्रामीण इलाकों में इसे पारंपरिक तौर पर पेट से जुड़ी दिक्कतों के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है.
यह भी पढ़ें- ब्लड शुगर बढ़ने से बचना है तो ये फल खाएं, डायटीशियन ने बताया फल खाने का सही तरीका और कितनी मात्रा में खाएं
सिर्फ फल नहीं, पत्ते और छाल भी काम की
तेंदू पेड़ का महत्व सिर्फ उसके फल तक सीमित नहीं है. इसकी पत्तियों का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर बीड़ी बनाने में होता है, जिससे हजारों लोगों की आजीविका जुड़ी है. वहीं इसकी छाल में भी औषधीय गुण बताए जाते हैं, जिनका उपयोग पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में किया जाता है. तेंदू फल को प्राकृतिक ऊर्जा का अच्छा स्रोत माना जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इसके सेवन से शरीर की कमजोरी (Weakness) दूर होती है और “घोड़े जैसी ताकत” आती है.
सीमित समय के लिए मिलता है यह फल
तेंदू फल साल में सिर्फ कुछ महीनों, खासकर गर्मी के दौरान ही उपलब्ध होता है. यही वजह है कि इसकी मांग इस दौरान तेजी से बढ़ जाती है. मौसमी होने के कारण लोग इसे ताजे रूप में खाना ज्यादा पसंद करते हैं.
स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता और नेचुरल फूड की ओर बढ़ते रुझान के कारण तेंदू फल की मांग अब शहरों में भी बढ़ने लगी है. ऐसे में यह फल जहां सेहत के लिए फायदेमंद है, वहीं ग्रामीणों की आजीविका को भी मजबूत कर रहा है.
Watch Video: Heatwave Alert In Most Parts Of India: गर्मियों को कैसे दें मात, जानें डॉक्टर के साथ | गर्मियों में क्या खाएं और क्या नहीं | Summer Health Care | Read
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं