शादियों और दावतों में मिलने वाली सोंधी, चटपटी आलू गोभी मटर की सूखी सब्जी का स्वाद भला किसे नहीं लुभाता? अक्सर घर पर वही सब्जी बनाने पर वह दावत वाला स्वाद गायब हो जाता है पर असली राज कुछ खास रसोई के नुस्खों और सही क्रम में छुपा होता है, जब गोभी के बड़े-बड़े फूलों को साफ करने से लेकर उन्हें कुरकुरा तलने और ताजा मसालों का तड़का लगाने तक हर कदम सोच-समझकर उठाया जाए, तो साधारण सी दिखने वाली यह सब्जी भी किसी बेहतरीन हलवाई की देन लगने लगती है.
चलिए फिर देर किस बात कि घर पर बाहर जैसी आलू गोभी मटर की सूखी चटपटी सब्जी बनाने का आसान तरीका क्या है जान लेते हैं.
सामग्री:
- साबुत फूलगोभी
- गोल-मोटे कटे आलू
- हरी मटर
- एक प्याज
- दो से तीन टमाटर
- ताजा हरी मेथी
- कटा हरा धनिया
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- धनिया पाउडर
- हल्दी पाउडर
- नमक
- अदरक-लहसुन का पेस्ट
- हरी मिर्च का पेस्ट
- दो चम्मच कॉर्नफ्लोर
- तिल
- सूखा नारियल
- ताजा लहसुन
- ताजा अदरक
- धनिए के डंठल
- दगड़ फूल
- साबुत खड़े मसाले
- हल्दी पाउडर
- काला नमक
- सफेद नमक
- किचन किंग मसाला
बनाने का तरीका
- सबसे पहले गर्म पानी में थोड़ा नमक और हल्दी डालकर साबुत गोभी को करीब दस मिनट डुबोए रखें.
- इसके बाद गोभी को धोकर बड़े फूलों में काट लें और आलू को मोटे-गोल टुकड़ों में काटे.
- इन कटे आलू-गोभी पर कश्मीरी लाल मिर्च, धनिया, हल्दी, नमक, अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट, कॉर्नफ्लोर और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
- ध्यान रहे कि मिलाते ही इन्हें गरमागरम तेल में तलना शुरू कर दें, वरना आलू का पानी छूटने से मसाले उतर सकते हैं.
- सुनहरी रंगत आने तक तलकर निकाल लें.
- उसी तेल में मटर को हल्का सा तलें ताकि उसका हरा रंग और स्वाभाविक मिठास बरकरार रहे.
- अब तिल, सूखा नारियल, ताज़ा लहसुन-अदरक, धनिए के डंठल, दगड़ फूल और टमाटर को पीसकर पेस्ट तैयार करें.
- कढ़ाई के गर्म तेल में खड़े मसाले और तेजपत्ता चटकाएं, फिर प्याज डालकर भूनें.
- मौसम के हिसाब से ताज़ा मेथी डालकर प्याज के साथ पकाएं.
- प्याज हल्का भूरा हो जाए तो लाल मिर्च, धनिया और हल्दी डालकर तुरंत तैयार पेस्ट व थोड़ा पानी मिला दें.
- मसाले से तेल अलग होने तक भूनें ताकि कच्चापन निकल जाए.
- आखिर में तले हुए आलू, गोभी और मटर डालें.
- काला नमक, सफेद नमक और किचन किंग मसाला मिलाकर अच्छी तरह चलाएं.
- थोड़ा ग्रेवी वाला स्वाद चाहिए तो हल्का गर्म पानी डाल सकते हैं, सूखी सब्जी के लिए ऊपर से टमाटर के बड़े टुकड़े डालकर धीमी आंच पर पांच-छह मिनट पकाएं.
- आलू नरम और मसाले लिपट जाएं तो गरमागरम परोसें.
इसे भी पढ़ें: मूली के पत्ते का चीला कैसे बनाएं? मूली के पत्तों का चटपटा चीला बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं