मुंबई के एक मशहूर 108 साल पुराने कैफे में FDA (Food Security Department) ने छापामार कार्रवाई की. इस कार्रवाई की, जो तस्वीरें सामने आई, उसने हर किसी को चौंका दिा. इस कार्रवाई के दौरान फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल मिला, किचन में कॉकरोच और मक्खियां घूमती नजर आईं. वहीं, फ्रिज में मीट और उसके खून के पूरे दाग नजर आए. खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के बाद महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है.
शिकायत के बाद हुई जांच
एफडीए के अनुसार, ओलंपिया कॉफी खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के बाद कॉफी हाउस का लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि एक कस्टमर ने होटल की शिकायत की थी, जिसके बाद महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की ओर से जांच शुरू की गई.
अधिकारियों ने जब कैफे का निरीक्षण किया, तो फूड स्टोरेज एरिया के अंदर यूरिनल मिला. इस जांच में यूरिनल सामान के अलावा किचन में कॉकरोच और मक्खियों का संक्रमण भी पाया गया. रेफ्रिजरेटर में मीट और खून के अवशेष मिलने की बात भी सामने आई.
फर्श पर रखा जा रहा था खाना
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि तैयार खाना फर्श पर रखा था और बर्तन धोने की व्यवस्था स्वच्छता मानकों के मुताबिक नहीं थी. कई जगहों पर खाने की चीजें फर्श पर रखी जा रही थीं और गंदे पानी का इस्तेमाल किया जा रहा था. साथ ही नॉनवेज और वेज खाने को अलग-अलग रखने के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था.
कर्मचारियों के पास नहीं थे साफ-सफाई और कटिंग के सामान
एफडीए ने बताया कि फल-सब्जियों या फिर अन्य खाद्य पदार्थ काटने के लिए इस्तेमाल हो रहे लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड खराब हालत में थे. फूड हैंडलर कर्मचारियों के पास जरूरी साफ-सफाई के कपड़े, सब्जियां काटने के चॉपिंग बोर्ड जैसी चीजें नहीं थी. सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि कैफे में काम करने वाले 35 कर्मचारियों में से 34 ने अनिवार्य फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी. इसके अलावा पानी की जांच रिपोर्ट और जरूरी सैनिटेशन रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे.
हाल ही में चर्चा में आया था कैफे
बता दें कि हाल ही में ये कैफे काफी चर्चा में आया था. इसी साल हॉलीवुड डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन, अभिनेता टॉम हॉलैंड और मैट डेमन मुंबई दौरे के दौरान यहां चाय पीने पहुंचे थे. उस समय ये कैफे काफी चर्चा में रहा था, लेकिन अब स्वच्छता संबंधी गंभीर खामियों के चलते फिर से सुर्खियों में है.
ये भी पढ़ें - रेस्टोरेंट के खाने में मिला कॉकरोच, पर्यटक ने की शिकायत तो स्टाफ बोला- बड़ी इलायची है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं