ओडिशा के पुरी में चल रही भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का पहला चरण शुक्रवार को पूरा हो गया है. भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के रथ बीते शुक्रवार को गुंडिचा मंदिर पहुंच गए हैं. श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने बताया कि परंपरा के अनुसार, भगवान की मूर्तियां रात भर अपने रथों पर ही विराजमान रहीं और शनिवार शाम को उन्हें श्री गुंडिचा मंदिर ले जाया जाएगा, जिसे उनका जन्मस्थान माना जाता है.
कब शुरू होगी बहुदा यात्रा?
वापसी रथ यात्रा को 'बहुदा यात्रा' कहा जाता है, जो इस साल 24 जुलाई को आयोजित की जाएगी. यह यात्रा भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की श्री गुंडिचा मंदिर से श्री जगन्नाथ मंदिर तक वापसी का प्रतीक होती है. बहुदा यात्रा के साथ ही नौ दिवसीय रथ यात्रा महोत्सव के समापन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है.
शुक्रवार को सुबह करीब 9 बजकर 45 मिनट पर भगवान बलभद्र के रथ को खींचने की प्रक्रिया शुरू हुई. सबसे पहले भगवान बलभद्र का रथ अपनी गंतव्य पर पहुंचा, उसके बाद देवी सुभद्रा का रथ 'दर्पदलन' और आखिर में भगवान जगन्नाथ का रथ 'नंदीघोष' पहुंचा. ये रथ सारधाबली पहुंचे, जो श्री गुंडिचा मंदिर के सामने रेत का एक मैदान है और इसी के साथ नौ दिन तक चलने वाले इस उत्सव का पहला चरण पूरा हुआ.

इस साल दिखा अनोखा नजारा
इस साल रथ यात्रा के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब भगवान जगन्नाथ बिना अपने विशेष पुष्प मुकुट 'ताहिया' के बिना ही लोगों के सामने आए. श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी ने कहा 'बारिश की वजह से मुकुट गीला और भारी हो गया था, इसलिए उसे हटा दिया गया.'
सुरक्षा की पूरी व्यवस्था
एडीजी सौमेंद्र प्रियदर्शी ने बताया कि पुरी में रथ यात्रा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें 19 आईपीएस अधिकारी और लगभग 13,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. इसके अलावा, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, त्वरित कार्य बल और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड समेत केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 15 कंपनियों को भी अहम जगहों पर तैनात किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन-जैमिंग सिस्टम से जुड़े 473 एआई सीसीटीवी कैमरे ग्रैंड रोड और उसके आस-पास के इलाकों पर नजर रख रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 30 जुलाई से देवघर में शुरू होने जा रहा विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला, श्रद्धालुओं के लिए किए जा रहे ये खास इंतजाम
यह भी पढ़ें: गुप्त नवरात्रि के शनिवार को पीपल के पेड़ पर ग्रहों की शांति के लिए करें ये उपाय, पंडित जी से जानिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं