Kis din Kis Ped ki Puja Ki Jaati Hai: सनातन परंपरा में पेड़-पौधे, नदी-पर्वत आदि सिर्फ प्रकृति का हिस्सा भर नहीं हैं, बल्कि इन सभी का संबंध लोगों की उस आस्था से जुड़ा हुआ है, जो यह मानती है कि इसमें भी इंसान की तरह जान होती है और इसमें ईश्वर का वास होता है. हिंदू मान्यता के अनुसार जीवन से जुड़े जिन वृक्षों की पूजा और सेवा करने पर तमाम तरह के कष्ट दूर और कामनाएं पूरी होती हैं, उसे किस दिन पूजने पर किस देवी या देवता की कृपा बरसती है, आइए इसे विस्तार से जानते हैं.
सोमवार के दिन किस पेड़ की पूजा करनी चाहिए?

सनातन परपंरा में सोमवार का दिन सबसे जल्दी प्रसन्न होने वाले भगवान शिव को समर्पित है. हिंदू मान्यता के अनुसार इस दिन बेल के पेड़ की पूजा करने पर देवों के देव महादेव शीघ्र ही प्रसन्न होते हैं. सोमवार के दिन न सिर्फ बेल के पेड़ की पूजा बल्कि इसकी तीन पत्तियों को शिवलिंग पर अर्पण करने पर सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होती है. सोमवार के दिन बेल के पेड़ की पूजा करने पर साधक को मानसिख सुख, सुखी दांपत्य जीवन और सौभाग्य की प्राप्ति होती है.
मंगलवार के दिन किस पेड़ की पूजा करनी चाहिए?
हिंदू धर्म में मंगलवार का दिन पवनपुत्र हनुमान, भूमिपुत्र मंगल और देवी दुर्गा की पूजा के लिए शुभ और फलदायी माना जाता है. हिंदू मान्यता के अनुसार मंगलवार के दिन यदि कोई व्यक्ति नीम के पेड़ की पूजा करता है तो उसके जीवन से जुड़े बड़ा से बड़ा कर्ज दूर होता है और उसे सुख-सौभाग्य के साथ आरोग्य की प्राप्ति होती है.
बुधवार के दिन किस पेड़ की पूजा करनी चाहिए?

सनातन परंपरा में बुधवार का दिन नवग्रहों के राजकुमार माने जाने वाले बुध देवता और प्रथम पूजनीय माने जाने वाले भगवान श्री गणेश जी की पूजा के लिए समर्पित है. हिंदू मान्यता के अनुसार यदि कोई व्यक्ति बुधवार वाले दिन यदि गणपति को दूर्वा अर्पित करता है तो उस पर ऋद्धि-सिद्धि के दाता की और यदि कोई तुलसी की पूजा करता है तो भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है. मान्यता है कि बुधवार के दिन आंवले के पेड़ की पूजा से करियर और कारोबार में लाभ एवं उन्नति होती है.
बृहस्पतिवार के दिन किस पेड़ की पूजा करनी चाहिए?
धार्मिक मान्यता के अनुसार बृहस्पतिवार या फिर कहें गुरुवार का दिन देवताओं के गुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु की पूजा के लिए समर्पित है. मान्यता है कि इस दिन यदि कोई व्यक्ति विधि-विधान से केले के पेड़ की पूजा करता है तो उसे सुख-समृद्धि, सौभाग्य और वैवाहिक सुख प्राप्त होता है. गुरुवार के दिन जल में हल्दी डालकर केले के पेड़ पर चढ़ाने से भगवान विष्णु शीघ्र ही अपनी कृपा बरसाते हैं.
शुक्रवार के दिन किस पेड़ की पूजा करनी चाहिए?
हिंदू मान्यता के अनुसार शुक्रवार का दिन देवी दुर्गा, मां लक्ष्मी, संतोषी माता और शुक्र देवता की पूजा के लिए समर्पित है. मान्यता है कि शुक्रवार को यदि कोई व्यक्ति आंवला, अशोक और गूलर के पेड़ की पूजा करता है तो उस पर माता लक्ष्मी की विशेष कृपा बरसती है. हिंदू मान्यता के अनुसार शुक्रवार को विष्णु प्रिया कहलाने वाली तुलसी जी की पूजा करने पर भी माता लक्ष्मी शीघ्र प्रसन्न होती है. तुलसी को हिंदू धर्म में मां लक्ष्मी का ही प्रतीक माना जाता है.
शनिवार के दिन किस पेड़ की पूजा करनी चाहिए?

सनातन परंपरा में शनिवार के दिन पीपल और शमी के पेड़ की पूजा सबसे ज्यादा शुभ और फलदायी मानी गई है. हिंदू मान्यता के अनुसार पीपल में त्रिदेव यानि ब्रह्मा, विष्णु, और महेश के साथ पितर और माता लक्ष्मी का भी वास होता है. मान्यता है कि पीपल पूजा से जहां पितर प्रसन्न होकर अपना आशीर्वाद बरसाते हैं वहीं धन की देवी माता लक्ष्मी का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है. शनिवार के दिन पीपल और शमी के पेड़ की पूजा करने से व्यक्ति की कुंडली में स्थित शनिदोष दूर होता है.
Sant Ki Seekh: भोलेनाथ को आखिर क्यों प्रिय है भस्म? जाने इसे शरीर पर कहां धारण करना चाहिए
Ashadh Maas 2026: कब से लगेगा आषाढ़ मास? जानें इसका धार्मिक महत्व और पूजा के महाउपाय
रविवार के दिन किस पेड़ की पूजा करनी चाहिए?
हिंदू मान्यता के अनुसार रविवार के दिन पीपल, तुलसी आदि पेड़-पौधे की पूजा नहीं करना चाहिए. मान्यता है कि रविवार के दिन पीपल पर अलक्ष्मी का वास होता है तो वहीं रविवार के दिन तुलसी को जल डालना या फिर उसके पत्ते आदि को तोड़ना बड़ा दोष माना गया है. हिंदू मान्यता के अनुसार रविवार के दिन सफेद आंकड़े के पेड़ की पूजा शुभ मानी गई है. मान्यता है कि भगवान सूर्य से जुड़े इस पेड़ की पूजा से साधक का दुख-दारिद्रय दूर होता है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं