सावन का पावन महीना जल्द ही शुरू होने वाला है. ये महीना भगवान शिव की भक्ति का सबसे पवित्र समय माना जाता है. इसी दौरान लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं और गंगा जल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. उनकी सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार और प्रशासन भी बड़े स्तर पर तैयारियां करता है. साल 2026 में कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगी. 11 अगस्त को सावन शिवरात्रि के दिन श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे. ऐसे में आइए जानते हैं इस साल कावड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने क्या-क्या तैयारियां की हैं-
कांवड़ यात्रा का महत्व
कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और समर्पण की अनूठी मिसाल है. मान्यता है कि श्रद्धा और नियमों के साथ गंगा जल लाकर भगवान शिव का अभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. यात्रा के दौरान कांवड़िए केसरिया वस्त्र पहनते हैं और अपने कंधों पर बांस से बनी कांवड़ उठाकर चलते हैं. कांवड़ के दोनों सिरों पर गंगाजल से भरे पात्र होते हैं. पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालु सादगी, संयम और धार्मिक नियमों का पालन करते हैं.
गाजियाबाद में तय किए गए तीन प्रमुख कांवड़ रूटकांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए गाजियाबाद प्रशासन ने तीन प्रमुख रूट तय किए हैं-
दिल्ली-मेरठ रोडदिल्ली-मेरठ रोड सबसे व्यस्त मार्ग रहेगा. यह रूट कांवड़ बॉर्डर से शुरू होकर मुरादनगर, मोदीनगर, गाजियाबाद और मोहननगर होते हुए दिल्ली तक जाता है. करीब 50 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से हर साल सबसे अधिक कांवड़िए गुजरते हैं.
पाइपलाइनदूसरा पाइपलाइन रोड है, जो लोनी बॉर्डर से निवाड़ी तक जाता है. यह रास्ता पैदल चलने वाले कांवड़ियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है.
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवेतीसरा रूट दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे है. यह मेरठ के परतापुर टोल से यूपी गेट तक करीब 35 किलोमीटर लंबा है और इसे मुख्य रूप से डाक कांवड़ के लिए तय किया गया है. इस पूरे मार्ग पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए बड़े इंतजामकांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली सरकार हर साल विशेष तैयारियां करती हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो. गाजियाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 600 से अधिक ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे. इनके साथ 504 से ज्यादा ट्रैफिक वॉलंटियर और 700 से अधिक सिविल डिफेंस और डिजिटल वॉलंटियर भी अलग-अलग स्थानों पर अपनी सेवाएं देंगे.
पूरे कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी. सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती भी रहेगी. इसके अलावा जगह-जगह मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, पीने के पानी की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, विश्राम स्थल, मोबाइल शौचालय और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान हर जरूरी सुविधा मिल सके.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- Gupt Navratri 2026: आषाढ़ गुप्त नवरात्रि 2026 आज से शुरू, जानें घटस्थापना का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं