Haldi Ke Jyotish Upay: हिंदू धर्म में हल्दी को बहुत ज्यादा शुभ माना गया है. यही कारण है कि पूजा से लेकर तमाम तरह के शुभ एवं मांगलिक कार्यों में हल्दी अवश्य प्रयोग में लाई जाती है. ज्योतिष में हल्दी का संबंध देवगुरु बृहस्पति से जोड़कर देखा जाता है, जो कि सुख-सौभाग्य के देवता माने जाते हैं. जिस हल्दी को सेहत के लिए अच्छा माना जाता है, वह आपके सुख-सौभाग्य को बढ़ाने का काम करती है. यदि आपको लगता है कि तमाम कोशिशों के बाद भी आपका सोया भाग्य नहीं जाग रहा है तो आपको इस लेख में बताए गये हल्दी से जुड़े सरल सनातनी उपायों को आज गुरुवार के दिन जरूर करना चाहिए.
मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने का उपाय
यदि आपको हर समय पैसों की किल्लत बनी रहती है और आपके पास लाख कोशिशों के बाद भी पैसा नहीं टिकता है तो आपको गुरुवार के दिन भगवान श्री विष्णु और माता लक्ष्मी की एक साथ पूजा करते हुए उन्हें हल्दी की गांठ चढ़ाना चाहिए. इसके बाद उसे लक्ष्मी और नारायण का महाप्रसाद मानकर अपने धन स्थान पर पीले कपड़े में बांध कर रखना चाहिए. मान्यता है कि हल्दी के इस उपाय को करने से श्री यानि माता लक्ष्मी की कृपा बरसती है.

धन-धान्य बढ़ाने का उपाय
यदि आपको लगता है कि बहुत परिश्रम और प्रयास के बावजूद आपको धन-धान्य की कमी बनी रहती है तो आपको गुरुवार के दिन एक लोटे में शुद्ध जल के साथ हल्दी मिलाकर तुलसी जी को विशेष रूप से अर्पित करना चाहिए. इसके बाद तुलसी जी के सामने दीया जलाकर उनकी की परिक्रमा करते हुए धन-धान्य की कामना करें.
सुख-सौभाग्य का उपाय
अगर आपको लगता है कि आपके घर में आए दिन कोई न कोई बड़ी समस्या पैदा होती रहती है तो आपको अपने बैडलक को दूर करने तथा गुडलक को पाने के लिए प्रतिदिन स्नान-ध्यान करने के बाद एक बर्तन में थोड़ा सा जल और उसमें हल्दी मिलाकर अपने मुख्य द्वार पर छिड़कना चाहिए. मान्यता है कि हल्दी के शुभ प्रभाव से दुर्भाग्य दूर और घर में सुख-सौभाग्य का आगमन होता है.

करियर-कारोबार से जुड़ा उपाय
यदि आपको लगता है कि आपके करियर और कारोबार में हर समय कोई न कोई समस्या बनी रहती है तो उससे जुड़ी अड़चनों को दूर करके सुख, सौभाग्य और मनचाही सफलता पाने के लिए गुरवार के दिन विशेष रूप से अपने नहाने के पानी में एक चुटकी हल्दी मिलाकर स्नान करें. मान्यता है कि हल्दी के शुभ प्रभाव से आपके जीवन में शुभता और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ेगी, जो आपको जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता दिलाएगी.
शीघ्र विवाह के लिए उपाय
यदि आपको लगता है कि आपके विवाह में देर हो रही है या फिर बनती बात भी अक्सर बिगड़ जाती है तो आपको शीघ्र विवाह की कामना को पूरा करने के लिए गुरुवार के दिन हल्दी से जुड़ा उपाय जरूर करना चाहिए. मान्यता है कि गुरुवार के दिन भगवान श्री गणेश जी और भगवान विष्णु को खड़ी हल्दी अर्पित करने से विवाह में आ रही अड़चनें शीघ्र ही दूर होती हैं और जल्द ही विवाह के योग बनते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं