Ashadha Amavasya 2026 Rules: पंचांग के अनुसार आज आषाढ़ मास की अमावस्या है. सनातन परंपरा में इस तिथि को देवी-देवताओं के साथ पितरों की पूजा के लिए बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण माना गया है. हिंदू मान्यता के अनुसार अमावस्या तिथि पर जहां स्नान-दान और साधना-आराधना करने पर पुण्यफल की प्राप्ति बताई गई है, वहीं इससे जुड़े जरूरी नियमों की अनदेखी करने पर व्यक्ति को तमाम तरह के कष्ट झेलने पड़ते हैं. आइए जानते हैं कि आज आषाढ़ मास की अमावस्या पर किन कार्यों को करने पर शुभ और किन कार्यों पर अशुभ फल की प्राप्ति होती है.
आषाढ़ अमावस्या पर क्या करें?
1. हिंदू मान्यता के अनुसार आषाढ़ मास की आमवस्या पर व्यक्ति को अपने कुंडली में स्थित पितृ दोष को दूर करने और पितरों की कृपा पाने के लिए आज किसी पवित्र जल तीर्थ पर जाकर स्नान करने के बाद तांबे के लोटे में काला तिल, सफेद फूल, डालकर कुशा की मदद से पितरों के लिए श्रद्धापूर्वक तर्पण करें.
2. आषाढ़ मास पर पितरों का आशीर्वाद पाने के लिए आज पीपल के पेड़ और तुलसी के पौधे के नीचे दीया जरूर जलाएं. पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का चौमुखा दीया पितरों के लिए और तुलसी के पौधे के नीचे शुद्ध देशी घी का दीया जलाकर उसकी परिक्रमा करते हुए अपनी सुख-समृद्धि की कामना करें. आषाढ़ अमावस्या पर पीपल के नीचे सरसों के तेल का दीया जलाने से शनि संबंधी दोष से भी मुक्ति मिलती है.
3. यदि आपकी कुंडली में स्थित कालसर्प योग आपकी परेशानी का बड़ा कारण बन रहा है तो इसे दूर करने के लिए आज आषाढ़ अमावस्या पर किसी शिवालय पर जाकर विधि-विधान से शिवलिंग और चांदी के नाग-नागिन की पूजा करें. इसके बाद चांदी के नाग-नागिन को सफेद पुष्प के साथ किसी पवित्र बहते हुए जल में प्रवाहित कर दें.
4. हिंदू मान्यता के अनुसार धन की देवी को प्रसन्न करने और पैसों की किल्लत को दूर करने के लिए अमावस्या तिथि अत्यंत ही फलदायी मानी गई है. मां लक्ष्मी से मनचाहा आशीर्वाद पाने के लिए आज आषाढ़ अमावस्या पर अपने घर की सफाई दीपावली की तरह करें. शाम के समय प्रत्येक स्थान पर दीये और बल्ब आदि के जरिए प्रकाश करने के बाद मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करें. माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए आज लक्ष्मी अष्टकं का पाठ अवश्य करें.
5. आषाढ़ अमावस्या का पुण्यफल पाने के लिए आज व्यक्ति को अपने सामर्थ्य के अनुसार काले कंबल, काले जूते, काला तिल, काली चप्पल, काले वस्त्र, आदि का दान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को करना चाहिए.
आषाढ़ अमावस्या पर क्या नहीं करें?

सनातन परंपरा में तिथि और वार विशेष आदि को लेकर कुछेक नियम बताए गये हैं, जिनकी अनदेखी करने पर व्यक्ति को तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. आइए जानते हैं कि आज आषाढ़ मास की अमावस्या पर दोष से बचने के लिए क्या नहीं करना चाहिए.
1. हिंदू मान्यता के अनुसार किसी भी मास की अमावस्या पर व्यक्ति को अपना बाल, दाढ़ी आदि नहीं कटवाना चाहिए.
2. हिंदू मान्यता के अनुसार आज आषाढ़ मास की अमावस्या पर व्यक्ति को क्रोध और किसी के साथ विवाद नहीं करना चाहिए. मान्यता है कि अमावस्या तिथि पर प्रारंभ हुआ विवाद लंबे समय तक चलता है और कष्ट का बड़ा कारण बनता है.
Shakun Shastra: किस्मत चमकने से पहले इंसान को मिलने लगते हैं ये शुभ संकेत
3. हिंदू मान्यता के अनुसार आषाढ़ मास की अमावस्या पर किसी निर्जन या फिर कहें अंधेरे स्थान पर नहीं जाना चाहिए क्योंकि ऐसे स्थानों पर अमावस्या तिथि वाले दिन नकारात्मक उर्जा तेजी से सक्रिय होती है.
4. आषाढ़ मास की अमावस्या के अशुभ प्रभावों से बचने के लिए आज व्यक्ति को तामसिक चीजें जैसे मांस, मदिरा आदि का भूलकर भी सेवन नहीं करना चाहिए.
5. हिंदू मान्यता के अनुसार अमावस्या तिथि पर व्यक्ति को पहने हुए गंदे कपड़े नहीं पहनने चाहिए और दिन के समय भूलकर भी नहीं सोना चाहिए.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं