विज्ञापन

MBA, कई कंपनियों में नौकरी, रेप केस में फरार... दिल्ली क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा आरोपी

पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना असली नाम मुदित चावला बताया और मामले में अपनी भूमिका भी स्वीकार कर ली. उसने यह भी बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग शहरों में लगातार ठिकाने बदलता रहा.

MBA, कई कंपनियों में नौकरी, रेप केस में फरार... दिल्ली क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा आरोपी
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.
NDTV
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रेप के एक सनसनीखेज मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मुदित चावला उर्फ राजवीर चावला को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि उसने एक महिला को बंदूक की नोक पर रेप का शिकार बनाया, उसकी अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए और फिर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका यौन शोषण करता रहा. पुलिस के मुताबिक आरोपी 2024 से लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था. इतना ही नहीं, उसने पुलिस से बचने के लिए अपना नाम भी बदल लिया था. आरोपी को 29 जुलाई 2026 को दिल्ली के नांगलोई इलाके से गिरफ्तार किया गया.

जेल में थे पीड़िता के पति

पुलिस के मुताबिक पीड़िता के पति अक्टूबर 2020 से अगस्त 2023 तक हत्या के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद थे. वहीं उनकी मुलाकात आरोपी मुदित चावला से हुई थी. जेल से बाहर आने के बाद आरोपी पीड़िता के संपर्क में आया और उसे अपना छोटा भाई मानने के लिए कहा. इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने महिला से नजदीकी बढ़ाई.

जुलाई 2023 में महिला का किया था रेप

आरोप है कि जुलाई 2023 में आरोपी ने महिला को द्वारका स्थित अपने घर बुलाया. महिला अपने तीन साल के बेटे के साथ वहां पहुंची थी. शिकायत के मुताबिक आरोपी ने पहले बच्चे को पिस्तौल दिखाकर धमकाया, फिर महिला को बेहोश करने के लिए इंजेक्शन लगाया और उसके बाद उसके साथ रेप किया. इस दौरान उसने महिला की अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए.

वीडियो वायरल करने की धमकी दे करता रहा यौन शोषण

पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला का यौन शोषण करता रहा. यहां तक कि वह वीडियो कॉल के जरिए भी महिला पर अश्लील हरकतें करने का दबाव बनाता था. लगातार हो रहे शोषण और धमकियों से परेशान होकर महिला ने पूरी बात अपने पति को बताई और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद 19 सितंबर 2024 को द्वारका नॉर्थ थाने में रेप और आपराधिक धमकी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई.

2025 में भगोड़ा घोषित किया गया था आरोपी

एफआईआर दर्ज होने के बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपी की तलाश की, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा. इसी वजह से उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका. बाद में अदालत ने 29 जनवरी 2025 को उसे भगोड़ा  घोषित कर दिया.

इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एनडीआर यूनिट ने अपने हाथ में ली. पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. आखिरकार सूचना मिली कि आरोपी दिल्ली के नांगलोई इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया.

अलग-अलग शहरों में नाम बदलकर छिपता रहा आरोपी

पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना असली नाम मुदित चावला बताया और मामले में अपनी भूमिका भी स्वीकार कर ली. उसने यह भी बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अलग-अलग शहरों में लगातार ठिकाने बदलता रहा और अपना नाम बदलकर राजवीर चावला रख लिया था.

आरोपी के खिलाफ 7 आपराधिक मामले

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है. उसके खिलाफ पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें ज्यादातर धोखाधड़ी के मामले शामिल हैं. नागपुर के सीताबर्डी थाने में दर्ज एक धोखाधड़ी के मामले में भी उसे अदालत ने भगोड़ा घोषित किया हुआ है.

एमबीए तक की पढ़ाई, कई बड़ी कंपनियों में कर चुका था नौकरी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दिल्ली से ग्रेजुएशन और पुणे से एमबीए किया था. उसने एयरटेल और डेल जैसी कंपनियों में नौकरी भी की. बाद में उसने करोल बाग में कॉपर वायर का कारोबार शुरू किया, लेकिन क्रिकेट सट्टेबाजी की लत लगने के कारण उसे करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. इसके बाद नुकसान की भरपाई करने के लिए उसने कथित तौर पर फर्जी चेक देकर ज्वैलर्स से धोखाधड़ी करना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे आदतन अपराधी बन गया

फिलहाल क्राइम ब्रांच आरोपी से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या उसने इसी तरह की वारदात किसी और महिला के साथ भी की है और उसके खिलाफ दर्ज अन्य मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी है.

यह भी पढे़ं - डिप्टी कलेक्टर पर युवती ने लगाए दुष्कर्म के आरोप; मुरैना में फेसबुक से शुरू हुआ था रिश्ता, FIR दर्ज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Rape, Delhi Rape Case, Delhi Police, Delhi Rape Case Latest, Delhi Rape Case News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com