- दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गैंगस्टर कपिल सांगवान के दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया
- आरोपी सौरभ लाकड़ा और योगेश शर्मा झज्जर के थाना बादली इलाके में हुए मर्डर केस में वांटेड थे
- पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन मिलने पर महाराष्ट्र में सौ से अधिक होटलों की जांच कर 28 जनवरी को गिरफ्तारी की
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी मिली है. कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के दो सक्रिय शार्पशूटर सौरभ लाकड़ा और योगेश शर्मा को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया गया है.ध्यान देने वाली बात यह है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने करीब 4500 किलोमीटर तक पीछा किया.
इस केस में वांटेड थे गैंग के आरोपी
ये दोनों आरोपी हरियाणा के झज्जर जिले के थाना बादली इलाके में हुए सनसनीखेज मर्डर केस में वांटेड थे.योगेश शर्मा पर झज्जर पुलिस कमिश्नर की ओर से इनाम घोषित था,जबकि सौरभ लाकड़ा दिल्ली के दो जघन्य मामलों में घोषित अपराधी था.स्पेशल सेल,सदर्न रेंज को जनवरी के आखिरी हफ्ते में आरोपियों की लोकेशन को लेकर पुख्ता सूचना मिली.इसके बाद इंस्पेक्टर पवन कुमार और इंस्पेक्टर सुमित कादयान के नेतृत्व में एक टीम महाराष्ट्र रवाना हुई.
टीम ने 100 से ज्यादा होटल और गेस्ट हाउस खंगाले और आखिरकार 28-29 जनवरी की रात कोल्हापुर के उंचगांव रोड,श्री तेम्बलाई मंदिर के पास दोनों को दबोच लिया.दोनों आरोपी संदीप उर्फ बबलू की हत्या के मामले में लंबे समय से फरार थे.17 जुलाई 2025 को संदीप अपने दोस्त के साथ कार में जा रहा था,तभी बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी,जिसमें संदीप की मौत हो गई.जांच में सामने आया कि यह हत्या कपिल सांगवान उर्फ नंदू के इशारे पर की गई थी.इस मामले में थाना बादली में FIR दर्ज है.
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी दिल्ली और हरियाणा में हत्या,हत्या की कोशिश,डकैती,लूट और आर्म्स एक्ट समेत 10 से ज्यादा संगीन मामलों में शामिल रहे हैं.योगेश के खिलाफ कई मामलों में NBW जारी थे,जबकि सौरभ पहले से ही भगोड़ा घोषित था.पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए मध्य प्रदेश से देसी पिस्टल खरीदी थी,जिन्हें दिल्ली में एक सेफ हाउस में छिपाकर रखा गया था.
दोनों आरोपियों की डिटेल
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 2 सिंगल शॉट पिस्टल और 2 कारतूस बरामद किए हैं. इस मामले में स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत नया केस दर्ज कर जांच जारी है.33 साल का योगेश शर्मा नजफगढ़ का रहने वाला है.12वीं तक पढ़ा-लिखा है और एक बेटी का पिता है.साल 2015 में उसने मदर डेयरी लूट के दौरान मालिक की गोली मारकर हत्या की थी.यहीं से उसका क्राइम करियर शुरू हुआ और वह नंदू गैंग का सक्रिय शूटर बन गया.23 साल का सौरभ लाकड़ा सोनीपत का रहने वाला है.साल 2021 में उसने नजफगढ़ इलाके में शिवांश खरब की हत्या की थी. कम उम्र में ही वह गैंगस्टर नंदू के लिए मर्डर करने लगा और पुलिस की नजरों में चढ़ गया.स्पेशल सेल के डीसीपी आलाप पटेल के मुताबिक,इस गिरफ्तारी से नंदू गैंग को बड़ा झटका लगा है और आगे की जांच में और भी खुलासे होने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं