Team India T20 World Cup 2026 Semi-Final Scenario If IND vs WI Match Washerd Out: आज कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले जाने वाले मुकाबले में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल के टिकट के लिए टीम इंडिया के सामने एकमात्र रास्ता उसकी जीत है. इस बीच भारत के सामने अगर सबसे बड़ा कोई दुश्मन होगा तो वो बारिश हो सकती है क्योंकि अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाला भारत का अगला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ता है, तो टीम इंडिया का वर्ल्ड कप जीतने का सपना एक झटके में टूट सकता है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को हराकर अपनी उम्मीदें तो जिंदा रखी हैं, लेकिन पॉइंट्स टेबल के गणित ने कप्तान सूर्या और कोच गौतम गंभीर की टेंशन बढ़ा दी है.
अब सारा दारोमदार वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर है. लेकिन यहां असली खतरा हार का नहीं, बल्कि 'मैच रद्द' होने का है.
NRR का फंसा पेंच; वेस्टइंडीज बहुत आगे
जिम्बाब्वे पर जीत के बाद भारत के पास अब 2 मैचों में 2 अंक हैं. लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि वेस्टइंडीज के पास भी 2 मैचों में 2 अंक ही हैं. असली खेल यहां 'नेट रनरेट' (NRR) का है. वेस्टइंडीज का रनरेट +1.791 है, जो बहुत ही शानदार है. वहीं, टीम इंडिया का रनरेट अभी भी -0.100 है.
बारिश हुई तो क्यों बाहर हो जाएगा भारत?
मान लीजिए कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला भारी बारिश के कारण रद्द हो जाता है. ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा और दोनों टीमों के कुल 3-3 अंक हो जाएंगे. नियम के मुताबिक, अगर अंक बराबर होते हैं, तो जिस टीम का नेट रनरेट बेहतर होगा, वही सेमीफाइनल में जगह बनाएगी. चूंकि वेस्टइंडीज का रनरेट भारत से कहीं ज्यादा बेहतर है, इसलिए बारिश होने की सूरत में वेस्टइंडीज सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी और टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.
टीम इंडिया के लिए सिर्फ 'जीत' ही एकमात्र रास्ता
अब समीकरण बिल्कुल साफ है टीम इंडिया को सेमीफाइनल का टिकट कटाने के लिए न सिर्फ खेलना होगा, बल्कि वेस्टइंडीज को हर हाल में हराना होगा. अगर मैच धुल जाता है, तो अंकों का बंटवारा भारत के लिए 'विदाई' साबित होगा.

AccuWeather.com के अनुसार, शुरुआती मौसम रिपोर्ट में कोलकाता में बारिश होने का अनुमान नहीं है.


भारतीय फैंस अब यही दुआ करेंगे कि उस दिन आसमान साफ रहे और मैच पूरा हो. क्योंकि मैदान पर तो टीम इंडिया वेस्टइंडीज को टक्कर दे सकती है, लेकिन कुदरत के इस 'रनरेट वाले चक्रव्यूह' से निकलना नामुमकिन होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं