Delhi Gang Rape: राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में सोमवार रात एक महिला के साथ खड़ी स्लीपर बस के अंदर कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस और शिकायत के अनुसार, 11 मई की रात पीड़िता काम से लौटते समय सरस्वती विहार बस स्टॉप के पास पहुंची थी. इसी दौरान वहां खड़ी एक स्लीपर बस पर मौजूद व्यक्ति से समय पूछने के दौरान उसे जबरन बस में खींच लिया गया. इसके बाद आरोपी बस को नांगलोई की ओर ले गए, जहां कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया.
पीड़िता पीतमपुरा के एक झुग्गी क्लस्टर की रहने वाली है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है. वह शादीशुदा है और तीन बच्चों की मां है.
पुलिस की कार्रवाई
मामले में दोनों आरोपियों (ड्राइवर और कंडक्टर) को गिरफ्तार किया गया है. घटना में इस्तेमाल बस को जब्त कर लिया गया है और मेडिकल जांच के बाद FIR दर्ज की गई है. पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और घटनाक्रम से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं