विज्ञापन

Delhi Heat Stroke: दिल्ली में कहर बरपा रही है गर्मी, हीट स्ट्रोक का पहला मामला आया सामने, RML में भर्ती 24 साल के छात्र की हालत गंभीर

Heat Stroke: छात्र के शरीर का टेंपरेचर 105 डिग्री फारेनहाइट था. मरीज को उल्टी, बार-बार दस्त की शिकायत थी. इतना ही नहीं छात्र पूरी तरह होश में नहीं था और कन्फ्यूज हो रहा था.

Delhi Heat Stroke: दिल्ली में कहर बरपा रही है गर्मी, हीट स्ट्रोक का पहला मामला आया सामने, RML में भर्ती 24 साल के छात्र की हालत गंभीर
(फाइल फोटो)

Delhi First Heat Stroke Case: देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच हीट स्ट्रोक का पहला मामला सामने आया है. एक 24 वर्षीय छात्र  भीषण गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक की चपेट में आ गया, जिसे गंभीर हालत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक, 24 वर्षीय छात्र को 105°F बुखार था. इसके अलावा उसे बार-बार उल्टी और दस्त की शिकायत थी. 

ट्रेन से दिल्ली आ रहा था छात्र

जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल का रहने वाला छात्र ट्रेन से दिल्ली आ रहा था. यात्रा के दौरान अचानक उसे तेज बुखार आ गया और उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया. वो अपना होश-हवास खो बैठा. छात्र को गंभीर हालत में आरएमएल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि युवक को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और घटना से पहले वह पूरी तरह स्वस्थ था. 

डॉक्टरों ने दी कूलिंग थेरेपी

जानकारी के मुताबिक, मरीज को रात के पौने दो बजे आरएमएल अस्पताल में भर्ती किया गया. इधर, डॉक्टरों ने बिना समय गंवाए मरीज को तुरंत वेंटिलेटर पर लिया और अस्पताल के विशेष हीट स्ट्रोक यूनिट में शिफ्ट कर दिया. मरीज को 105°F बुखार था. ऐसे में शरीर का तापमान तुरंत कम करना सबसे महत्वपूर्ण था. वहीं मरीज की हालत देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत इमर्शन कूलिंग ट्रीटमेंट शुरू किया.

भीषण गर्मी में हीट स्ट्रोक से ऐसे बचें

आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन निदेशक डॉ. अजय चौहान ने लोगों से भीषण गर्मी के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन करने और बार-बार छाया में आराम करने का आग्रह किया है.

हीट स्ट्रोक आखिर क्यों होता है?

जब शरीर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है और पसीने के जरिए ठंडक नहीं बन पाती, तब हीट स्ट्रोक की स्थिति बन सकती है. यह ज्यादा देर धूप में रहने, पानी की कमी आदि के कारण हो सकता है.

हीट स्ट्रोक के लक्षण

किसी को चक्कर, उल्टी, शरीर तापमान तेज, कमजोरी या बेहोशी जैसा महसूस हो, तो ये हीट स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं. अगर किसी व्यक्ति में हीट स्ट्रोक के लक्षण दिख रहे हैं तो गर्दन, हाथ और पैरों पर ठंडी पट्टी रखें, छोटे‑छोटे घूंट में पानी दें और तुरंत डॉक्टर से मिले.

इन लोगों को ज्यादा सावधानी चाहिए

  • बच्चे और बुजुर्ग
  • बाहर काम करने वाले लोग
  • पहले से बीमार लोग
  • जो लोग धूप में ज्यादा समय बिताते हैं

हीट स्ट्रोक से ऐसे बच सकते हैं

  • प्यास लगने का इंतजार न करें और दिन भर थोड़ा‑थोड़ा पानी पीते रहें. 
  • दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर जाने से बचें.
  • हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें.
  • धूप में निकलते समय चेहरे को ढक ले या छाता अपने साथ लेकर चलें.
  • नींबू पानी, ओआरएस का घोल या छाछ लें.
  • बाहर काम करते समय हर 15-20 मिनट में थोड़ी देर आराम करें.

ये भी पढ़ें: सरकार ने भीषण गर्मी को लेकर जारी की एडवाइजरी, इन सब चीजों से बचने की दी सलाह...

ये भी पढ़ें: 12 से 3 बजे तक भूलकर भी न करें ये काम, लू से बचने के लिए गंगा राम हॉस्पिटल के डॉक्टर की सलाह...

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com