- दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने के मामले में दो इंजीनियर सस्पेंड किए गए हैं
- इंजीनियर मो. नईम और अमन दलाल को लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है
- मलबा हटाने और बचाव कार्य जारी है, आसपास की अन्य नाजुक इमारतों से भी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है
पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में तीन मंजिला इमारत ढहने की घटना के बाद सख्त एक्शन लिया गया है. लापरवाही बरतने के मामले में दो इंजीनियरों पर गाज गिर गई है.असिस्टेंट इंजीनियर मो. नईम और जूनियर इंजीनियर अमन दलाल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. ये आदेश MCD के ओल्ड दिल्ली जोन के डिप्टी कमिश्नर ने दिया है.घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी चावड़ी बाजार में उस जगह पर पहुंची, जहां तीन मंजिला इमारत गिरी है.
इमारत बना रहे दो इंजीनियर निलंबित
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अभी जांच में इस इमारत के गिरने के कारण पता चल पाएंगे मगर अभी नगर निगम ने अपने JE और AE को निलंबित किया है. इसके अलावा जो इस इमारत को बना रहा था, उस पर FIR दर्ज हुई है. जिस तरीके से लोग अपने घरों का निर्माण करते हुए बचाव और सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं, यह उन्हीं के जीवन के लिए घातक है. जो भी अधिकारी यहां पर ऐसी लापरवाही को नजरअंदाज करेगा, उसको भी बख्शा नहीं जाएगा.

चावड़ी बाजार में इमारत गिरने से दो मौतें
चावड़ी बाजार में गुरुवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग जख्मी हुए हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. तंग गलियां होने की वजह से इस काम में दिक्कत आ रही है. दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि जो लोग इतनी संकरी गलियों में GRAP के नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं, इसको लेकर उन पर FIR दर्ज की गई है और आगे भी FIR दर्ज की जाएगी.
#WATCH | दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा ढह जाने की घटना पर कहा, "...रेस्क्यू ऑपरेशन में भी दिक्कत आ रही है। मैं बताना चाहता हूं कि जो लोग इतनी संकरी गलियों में GRAP के नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं, इसको लेकर उनपर FIR दर्ज की गई है और आगे भी FIR दर्ज की जाएगी..."
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 5, 2026
लेंटर डालते समय ढही इमरात
DCP सेंट्रल रोहित राजबीर ने बताया कि एक इमारत तीसरे मंजिल तक बनी थी, उसके ऊपर काम चल रहा था. लेंटर डालते समय इमरात ढह गई. उस इमारत के आस-पास की इमारतों से भी लोगों को बाहर निकाला गया है. आस-पास की इमारतें भी नाजुक स्थिति में हैं. मलबा हटाते समय अब तक 3 लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें 2 को मृत घोषित किया गया, 1 शख्स घायल है लेकिन वो खतरे से बाहर है.बचाव कार्य जारी है. बिल्डर्स के बारे में पता चल गया है, उन्हें हम खोज रहे हैं और कुछ संपर्क में भी हैं. यहां अवैध निर्माण चल रहा है जिसे रुकवाने के लिए पहले ही नगर निकाय को एक पत्र लिखा जा चुका था और उसे देख रहे थे.जब काम चल रहा था तब यहां 10-12 मजदूर थे और इमारत जैसे ही हिलने लगी तो मजदूरों को निकाला गया मगर 3 मजदूर अंदर फंस गए.और भी मजदूरों के अंदर होने की संभावना है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में तीन मंजिला इमारत गिरी, 2 लोगों की मौत, कई फंसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं