दिल्ली वासियों और दिल्ली में आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. दरअसल, दिल्ली में पर्यटन, पर्यावरण और नदी संस्कृति को बढ़ावा देने के के लिए दिल्ली सरकार नमो यमुना रिवर सफारी योजना (Namo Yamuna River Safari) पर तेजी से काम कर रही है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस प्रोजेक्ट का जायजा लिया.माना जा रहा है कि छठ महापर्व से ठीक पहले ही इसका उद्घाटन किया जाएगा. इस नई सुविधा के शुरू होने से लोग वाराणसी की तर्ज पर दिल्ली में भी यमुना नदी की गोद में बोटिंग कर सकेंगे.
दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी को पर्यटन के नक्शे पर एक नया आयाम देने और दिल्लीवासियों को उनकी जीवनदायिनी यमुना नदी से जोड़ने के लिए एक खास सौगात देने जा रही है. छठ महापर्व से पहले दिल्ली की पहली नमो यमुना रिवर सफारी का उद्घाटन कर इसे आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने इस ड्रीम प्रोजेक्ट का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह देश के दूसरे पवित्र शहरों में लोग गंगा या यमुना नदी में बोटिंग कर असीम शांति और आध्यात्मिक सुकून का अनुभव करते हैं, ठीक वैसा ही अनूठा और दिव्य अनुभव अब दिल्ली के नागरिकों को यमुना की सफारी के दौरान मिलेगा.
नमो यमुना सफारी की विशेषताएं
इस परियोजना के तहत यमुना नदी में यात्रियों और पर्यटकों के लिए सुरक्षित और आधुनिक बोटिंग सफारी का संचालन किया जाएगा. यमुना के किनारों को एक आकर्षक पिकनिक स्पॉट और रिवर फ्रंट के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि लोग अपने परिवार के साथ प्रकृति के बीच समय बिता सकें. मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को दिल्ली के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली प्रशासन, पर्यटन विभाग और दिल्ली विकास प्राधिकरण के संयुक्त और समन्वित प्रयासों के कारण ही यह सपना साकार हो सका है.
‘नमो यमुना क्रूज सफारी' के ट्रायल रन शुरू हो गए हैं। आज सोनिया विहार से जगतपुर रूट का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। हमारी कोशिश है कि छठ महापर्व से पहले यह सेवा शुरू हो जाए। दिल्ली के लोग अपने परिवार के साथ माँ यमुना के दर्शन कर सकें, क्रूज की सैर का आनंद लें और उन्हें राजधानी में ही पिकनिक मनाने के लिए एक नई जगह मिले। इससे दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कारोबार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी श्री कपिल मिश्रा जी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। @KapilMishra_IND #ViksitDelhi
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) October 26, 2026
सीएम रेखा गुप्ता ने दिए कड़े निर्देश
परियोजना के सॉफ्ट लॉन्च की तैयारियों का मुआयना करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफारी रूट के आसपास यमुना की सफाई, स्वच्छता व्यवस्था और सुंदर लैंडस्केपिंग को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए. इसके साथ ही बोटिंग के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, लाइफ जैकेट की उपलब्धता और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है. छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और यमुना सफारी के पर्यटकों के लिए घाटों पर पर्याप्त लाइटिंग, पेंटिंग और पहुंच मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए भी कहा.
...खुशी और शांति का नया केंद्र बनेगी यमुना सफारी
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य छठ पर्व से ठीक पहले नमो यमुना सफारी की शुरुआत करने का है. यह दिल्लीवासियों के लिए एक अत्यंत विशेष अनुभव साबित होगा. जैसे जब हम दूसरे शहरों में जाते हैं और वहां गंगा, यमुना या किसी भी नदी में बोटिंग का आनंद लेते हैं, तो हमें शांति महसूस होती है. ठीक उसी तरह, जब लोग मां यमुना के आंचल में इस सफारी का आनंद लेंगे, तो उन्हें मानसिक शांति मिलेगी और वे मां यमुना का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार का विजन सिर्फ बोटिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यमुना के प्रति जन आस्था को जीवित करना और इसे दिल्ली का प्रमुख सांस्कृतिक पर्यावरणीय केंद्र बनाना है.
टिकट की कीमत और बुकिंग की जानकारी
- क्रूज टिकट: इस सफारी का किराया 500 रुपये प्रति व्यक्ति तय किया गया है.
- परिसर में एंट्री फीस: पार्क या जनरल एरिया में दाखिल होने के लिए लगभग 50 रुपये का शुरुआती टिकट लगेगा. इसके अलावा, वाटर स्पोर्ट्स और अन्य गतिविधियों के लिए अलग से चार्ज देना होगा.
- टिकट ऐसे करें बुक: सोनिया विहार या जगतपुर स्टेशन पर जाकर काउंटर से सीधे टिकट ले सकते हैं. इसके अलावा, दिल्ली टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है.
टाइमिंग और राइड का समय
- संचालन का समय: क्रूज की सेवा रोजाना सुबह 9:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक चालू रहेगी.
- सफर का समय: एक बार की राइड में करीब 40 मिनट से 1 घंटे तक यमुना नदी में बोटिंग का आनंद ले सकते हैं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली से दरभंगा और मुजफ्फरपुर जाने वाली वैशाली और सप्तक्रांति एक्सप्रेस का बदल गया समय, भगदड़ से बचने के लिए जान लीजिए नया टाइमटेबल
रूट और खास बातें
- सफारी का रूट: यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर के बीच यानी वजीराबाद क्षेत्र में लगभग 3.5 से 5 किलोमीटर के दायरे में चलाया जाएगा.
- पैसेंजर क्षमता: यह बोट पूरी तरह एयरकंडीशंड और इको फ्रेंडली है, जिसमें एक बार में लगभग 30 से 40 यात्री आसानी से बैठ सकते हैं.
- शुरुआत की तारीख: 26 अक्टूबर 2026 से इसका सॉफ्ट ट्रायल शुरू किया जा चुका है और छठ पूजा से पहले इसे आम लोगों के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- ताज एक्सप्रेस एक नवंबर से नई दिल्ली के बजाय हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलेंगी, देखें नया टाइमटेबल और रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं