नोएडा से दिल्ली और खासतौर पर आश्रम की ओर सफर करने वाले लोगों के लिए यह खबर बेहद जरूरी है. अगले चार दिनों तक महारानी बाग से आश्रम के बीच रिंग रोड का हिस्सा पूरी तरह बंद रहेगा. दिल्ली जल बोर्ड की मुख्य पाइपलाइन टूटने के बाद मरम्मत का काम शुरू किया है, जिसकी वजह से इस रूट पर ट्रैफिक बंद करना पड़ा है. ऐसे में अगर आप भी इस रास्ते से रोजाना सफर करते हैं, तो पहले से अपनी योजना बदल लें.
क्यों बंद किया मार्ग?
डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र के मुताबिक, दिल्ली जल बोर्ड की 1200 मिमी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी. इस पाइपलाइन की मरम्मत का काम सोमवार से शुरू कर दिया है. इसी कारण महारानी बाग से लेकर आश्रम तक का मार्ग बंद कर दिया है. इसका सीधा असर डीएनडी फ्लाईओवर से आने-जाने वाले वाहनों पर पड़ेगा.
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
नोएडा और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि जब तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो जाता, वाहन चालक आश्रम चौक की तरफ जाने से बचें. इस रूट पर भारी जाम लग सकता है, जिससे लोगों को लंबी देरी का सामना करना पड़ सकता है. यात्रियों से अपील की गई है कि वे घर से थोड़ा पहले निकलें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.
ये हैं वैकल्पिक रास्ते
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए कुछ बेहतर विकल्प सुझाए हैं...
- बारापुल्ला एलिवेटेड कॉरिडोर: डीएनडी से आने वाले वाहन इस मार्ग का इस्तेमाल कर सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं.
- आश्रम फ्लाईओवर: जाम से बचने के लिए वाहन चालक इस फ्लाईओवर से निकलकर आगे बढ़ सकते हैं.
मुश्किल में फंसें तो करें संपर्क
ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है. रास्ते में किसी भी तरह की समस्या या आपात स्थिति होने पर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है. पुलिस का कहना है कि लोगों की सुविधा के लिए हर जरूरी इंतजाम किए गए हैं, बस यात्री निर्देशों का पालन करें. चार दिन तक इस रूट के बंद रहने से रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है. ऐसे में बेहतर होगा कि आप पहले से अपना रूट तय कर लें और ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं