- दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से कई इलाकों में गंभीर ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई है
- शंकर विहार इलाके में तेज बारिश से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है
- जनपथ और भारत मंडपम के आसपास सड़कों पर पानी भर जाने से वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है
Rain in Delhi: दिल्ली-एनसीआर में हो रही झमाझम बारिश की वजह से संगम विहार से नोएडा तक सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं. जगह-जगह इतना पानी भर गया है कि वाहन पानी में आधे से ज्यादा डूब गए हैं. वहीं कई जगहों पर ट्रैफिक जाम लग गया है. साउथ दिल्ली के संगम विहार का हाल तो इतना खराब हो गया है कि वाहन पानी में लगभग डूब ग हैं. लोगों को सड़क के गंदे पानी में होकर गुजरना पड़ रहा है.

नोएडा में बारिश के पानी में फंसे वाहन
नोएडा में भी कुछ ही देर हुई बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. शहर के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर पानी इतना अधिक भर गया कि वाहन बीच सड़क में ही बंद हो गए और लंबा जाम लग गया.

नोएडा की सड़कें बारिश से बनी दरिया
शहर के सेक्टर-100 में बौड़ा महादेव मंदिर के पास, सेक्टर-99, सेक्टर-37 अंडरपास, बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के आसपास, सर्फाबाद, बरौला, सेक्टर-62 समेत कई अन्य क्षेत्रों में सड़कें पानी से लबालब नजर आईं. कई कॉलोनियों और गांवों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित रही.

दिल्ली के शंकर विहार इलाके का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सड़क पर रेंगते हुए वाहनों का हुजूम देखा जा सकता है. तेज बारिश की वजह से वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. सड़क पर लंबा जाम लगा हुआ है. वाहन धीरे-धीरे आगे बड़ रहे हैं.
#WATCH दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बारिश के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 28, 2026
वीडियो शंकर विहार इलाके से है। pic.twitter.com/WJXxuZB1Ij
बुराड़ी क्षेत्र की मुख्य सड़क पर भी पानी भरा हुआ है. सड़क दिखाई नहीं दे रही है. पानी की वजह से सड़क पर जगह-जगह दोपहिया वाहन बंद हो रहे हैं. महिलाओं बुजुर्गों छोटे बच्चों को भी सड़क को पार करना मुश्किल हो रहा है. सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे की वजह से काफी ज्यादा जल भराव हो गया है.

लगातार हो रही तेज बारिश की वजह से दिल्ली के जनपथ में सड़क पर पानी भर गया है, जिसकी वजह से वाहनों का निकलना मुश्किल हो रहा है. वाहन पानी में फंस रहे हैं.भारत मंडपम के आसपास भी पानी भरा हुआ है.

बाराखंबा रोड के पास भी हाल कुछ ऐसा ही है. सड़क पर पानी भरा होने की वजह से वाहनों की रफ्तार थम सी गई है. जाम जैसा हालात पैदा हो गए हैं.
#WATCH दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। बारिश के कारण जलभराव हुआ।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 28, 2026
वीडियो बाराखंबा रोड से है। pic.twitter.com/rp9fd3s8g5
ये भी पढ़ें-दिल्ली में 3 घंटे का रेड अलर्ट, यूपी, हरियाणा-पंजाब में भी भारी बारिश, जानें 1 हफ्ते कैसा रहेगा मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं