विज्ञापन
This Article is From Jun 03, 2017

नोएडा : किराये की पिस्टल से हुई थी अंजलि की हत्या, आसानी से मिलते अवैध हथियार

बीते 3 सालों में अकेले दिल्ली में ही अब तक 1300 से ज्यादा अवैध हथियार पकड़े गए. यानी धड़ल्ले से अवैध हथियार बाजार में आ रहे हैं.

नोएडा : किराये की पिस्टल से हुई थी अंजलि की हत्या, आसानी से मिलते अवैध हथियार
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी अश्विनी यादव
नोएडा: अवैध हथियार मिलना इतना आसान है कि कोई भी इन्हें हासिल कर अपराध कर देता है. इनका चलन तेजी से बढ़ रहा है. नोएडा में हाल ही में एक लड़की की हत्या के मामले में आरोपी ने तो केवल 3000 रुपये में तमंचा किराये पर लेकर कत्ल को अंजाम दे दिया. नोएडा पुलिस ने अश्वि‍नी यादव को गिरफ्तार किया है, वो बीबीए कर चुका है और फिलहाल एक गारमेंट शोरूम में काम कर रहा था. अश्वि‍नी को न तो गोली चलाने का अनुभव था और न ही उसके पास कोई लाइसेंसी हथियार है. लेकिन जब उसकी प्रेमिका अंजलि ने उससे शादी करने से मना कर दिया तो उसने महज़ 3 हज़ार में एक पिस्टल किराये पर ली और नोएडा में शताब्दी अपार्टमेंट की पार्किंग में अंजलि को बेहद नज़दीक से गोली मार दी. तस्वीरें सीसीटीवी में भी कैद हो गई थीं.

पुलिस के मुताबिक हथियार उसे पैतृक गांव में किसी ने 3000 रुपये में किराये पर दिया था. बीते कुछ सालों में गन कल्चर तेजी से बढ़ता जा रहा है. दिल्ली और एनसीआर में हथियार सबसे ज्यादा बिहार के मुंगेर और मध्य प्रदेश के खरगौन से आ रहे हैं. बीते 3 सालों में अकेले दिल्ली में ही अब तक 1300 से ज्यादा अवैध हथियार पकड़े गए. यानी धड़ल्ले से अवैध हथियार बाजार में आ रहे हैं.

हथियारों के सौदागरों ने इनकी कीमत भी तय कर दी है. 9 एमएम पिस्टल 25 से 45 हज़ार, .32 बोर पिस्टल 20 से 25 हज़ार, डबल बैरल गन 30 से 35 हज़ार, सिंगल बैरल गन 20 से 25 हज़ार, एके-47 1 से 2 लाख में और देसी कट्टा 1500 से 5 हज़ार में मिला रहा है.

नोएडा के एसपी सिटी अरुण सिंह के मुताबिक पुलिस लगातार हथियारों की खेप पकड़ रही है, अवैध हथियारों की खेप का भंडाफोड़ कर रही है लेकिन अपराधी फिर भी अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहे हैं और उनसे अपराध भी हो रहे हैं. दिल्ली, ग़ाज़ियाबाद, गुड़गांव और फरीदाबाद में जहां ज़मीने ऊंचे दामों पर बिक रहीं है, ऊंची इमारतें खड़ी हो रही हैं, वहां हथियार रखने का शौक भी तेजी से पनप रहा है फिर चाहे वो लाइसेंसी हों या अवैध.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Murder Of 23-year-old Engineer, Anjali Rathour Murder, Noida Police, Ashwani Yadav, Boyfriend Arrested
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com