- नोएडा पुलिस ने भाटी गैंग के शार्प शूटर अमन त्यागी को एनकाउंटर में ढेर किया है.
- नोएडा पुलिस ने सेक्टर-126 में शनिवार की शाम को इस कार्रवाई को अंजाम दिया है.
- शूटर पर हत्या समेत कई मामले दर्ज थे, नोएडा पुलिस ने उस पर 50000 का इनाम रखा था.
नोएडा पुलिस ने रणदीप भाटी गैंग के शार्प शूटर अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी का एनकाउंटर किया है. पुलिस ने उस पर 50000 रुपए का इनाम घोषित किया था. सेक्टर-126 में हुई इस कार्रवाई के दौरान 3 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने बाइक सवार अमन को रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग कर दी. जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली उसके सीने में लगी थी, जहां इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई. यह घटना शनिवार शाम 7 बजे की बताई जा रही है.
नोएडा पुलिस को मिला था इनपुट
नोएडा पुलिस के मुताबिक शनिवार की शाम को पुलिस कंट्रोल रूम और एसओजी टीम को एक इनपुट मिला था कि रणदीप भाटी गैंग का एक वांटेड शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के मकसद से नोएडा के सेक्टर-126 क्षेत्र से गुजरने वाला है. जिसके बाद नोएडा पुलिस ने तुरंत अभियान शुरू कर दिया. थाना-126 पुलिस और कमिश्नरेट की स्पेशल सीआरटी टीम को इलाके में रणदीप भाटी गैंग के शूटर की मौजूदगी का इनपुट मिला था. सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने इलाके में सघन चेकिंग शुरू की थी. संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने बदमाश को रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं और भागने की कोशिश की थी.
मुठभेड़ के दौरान बदमाश की तरफ से अचानक हुई फायरिंग में तीन पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए. इसके बाद पुलिस और सीआरटी टीम ने मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं. पुलिस की सटीक जवाबी कार्रवाई में 50000 रुपये का इनामी शूटर अमन त्यागी उर्फ माया त्यागी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जिनकी हालत खतरे से बाहर है.
ये वीडियो भी देखिए
नोएडा पुलिस ने रखा था इनाम
अमन त्यागी जिसे माया त्यागी भी कहा जाता था, वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे खूंखार माफियाओं में शुमार रणदीप भाटी के गैंग में सक्रिय था, उस पर रंगदारी, हत्या के प्रयास, लूट और कांट्रैक्ट किलिंग जैसी कई संगीन वारदात दर्ज थे. नोएडा पुलिस ने उस पर 50000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
ये भी पढ़ेंः आजम खान की गिरफ्तारी पर भड़के अब्दुल्ला आजम, कहा- उन्हें उनके ख्वाब की सजा मिली, मुझे मेरे नाम की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं