विज्ञापन

अब कभी चोरी नहीं करूंगा... नोएडा से बकरा चोरी करके दिल्ली में बेचता था आरोपी, पुलिस ने किया एनकाउंटर

ग्रेटर नोएडा के जारचा में बकरा चोर गैंग से पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें गैंग का सरगना कमलू उर्फ कल्लू के पैर में गोली लग गई.

पुलिस की गिरफ्त में बकरा चोर गैंग का सरगना.
NDTV
नोएडा:

ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में पुलिस और बकरा चोर गैंग के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में गिरोह के सरगना के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. 

पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से बकरा चोरी कर बेचने से मिले पैसे, तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है.

पुलिस के कब्जे में आते ही बकरा चोर गिड़गिड़ाते हुए कहने लगा- 'आज के बाद बकरा चोरी नहीं करूंगा, न बकरा चोरों के साथ रहूंगा. आज माफ कर दो.'

घायल बदमाश की पहचान कमलू उर्फ कमल उर्फ कल्लू के रूप में हुई है, जो संभल जिले का रहने वाला है. घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

पकड़े गए बदमाश पर अलग-अलग जिलों में एक दर्जन से ज्यादा चोरी के मुकदमे दर्ज हैं.

ऐसे पकड़ में आए बकरा चोर

जारचा थाना पुलिस प्यावली नहर के पास चेकिंग कर रही थी. तभी मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें चेकिंग के लिए रोकने का इशारा किया तो उन्होंने मोटरसाइकिल दौड़ा दी. 

पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की.

फायरिंग के दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल लड़खड़ाकर गिर गई. गिरने के बावजूद बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते रहे. 

पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया. दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

शातिर है गैंग, रेकी कर चुराते थे बकरे

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि यह बदमाश बड़ा ही शातिर है. यह गिरोह बनाकर पहले रेकी करता था, फिर बकरा चोरी की वारदात को अंजाम देता था. मोटरसाइकिल पर सवार होकर रेकी करता था और बकरा चोरी के बाद उन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में बेच देता था. फिर पैसों को गैंग में आपस में बांट लेता था.

पुलिस अब इसके अन्य आपराधिक इतिहास और गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है. फरार बदमाश की तलाश के लिए कॉम्बिंग जारी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Noida News, Greater Noida, Police Encounter, UP Police, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com