- गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में 14 वर्षीय प्राची 12वीं मंजिल की बालकनी से गिरने से गंभीर रूप से घायल हुई थीं
- प्राची क्लास नौ की छात्रा थी और हाल ही में सीबीएसई रोप स्किपिंग नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुकी थी
- दुर्घटना की रात प्राची बालकनी से कपड़े उतार रही थी, तभी अचानक नीचे गिर गई और अस्पताल में मृत घोषित हुईं
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां बालकनी से कपड़े लेने गई 14 साल की बच्ची 12वीं मंजिल से गिर गई. इस हादसे में बच्ची की मौत हो गई. बच्ची की पहचान प्राची के रूप में हुई है. प्राची क्लास 9 की छात्रा थी. कुछ दिनों पहले ही प्राची ने महाराष्ट्र में हुई सीबीएसई रोप स्किपिंग नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था. बताया जा रहा है कि 25 सितंबर की रात प्राची बालकनी से कपड़े उतार रही थी, इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गई. रिपोर्ट के अनुसार प्राची का परिवार राजनगर रेजिडेंसी के टावर जी में 12वें फ्लोर पर रहता है. उनके पिता सुरेश चंद्र मल्टीनेशनल कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है. हादसे के समय फ्लैट में सुरेश चंद्र की छोटी बेटी, पत्नी और दादा-दादी भी मौजूद थे.
घरवालों ने बताया- प्राची पढ़ाई के साथ खेल और संगीत में भी रुचि रखती थी. दो दिन पहले उसने महाराष्ट्र के शिरडी में हुई सीबीएसई नेशनल रस्सी कूद प्रतियोगिता में दो गोल्ड मेडल जीते थे. उसने डबल डच पेयर फ्री स्टाइल और डबल डच सिंगल फ्री स्टाइल में गोल्ड जीता था. मेडल जीतकर घर लौटने से परिवार में खुशी का माहौल था. लेकिन इसी बीच शुक्रवार रात यह हादसा हो गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में घटना का कारण स्पष्ट नहीं है और पुलिस CCTV फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना रात 9 बजे मिली थी. जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. यह हादसा था या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
VIDEO | Ghaziabad: 14-year-old girl dies after falling from 12 floor of a building in Raj Nagar Extension area. The incident took place on Friday (September 25). ACP Ziaudding Ahmed, says, "On September 25, 2026, police at Nandgram Police Station received information that a… pic.twitter.com/7SRPB0xuey
— Press Trust of India (@PTI_News) September 26, 2026
12 वीं मंजिल की बालकनी से गिरी बच्ची
नंदग्राम पुलिस स्टेशन की टीम ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. ACP जियाउद्दीन अहमद ने बताया, "25 सितंबर को नंदग्राम पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि राज नगर एक्सटेंशन की राजनगर रेजीडेंसी सोसाइटी में 12वीं मंज़िल पर स्थित अपने फ़्लैट से गिरने के बाद 14 साल की लड़की की मौत हो गई है."
सूचना मिलने पर नंदग्राम पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्ज़े में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया. पुलिस परिवार वालों से बात करके और जानकारी जुटा रही है. मौके पर कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें - गाजियाबाद की सोसायटी में Lift से कुत्ता ले जाने का विवाद, महिला ने लेडी टीचर को डंडे से पीटा, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं