विज्ञापन

दिल्ली पुलिस ने रातभर ऑपरेशन चलाकर बचाया 8 साल का मासूम, चॉकलेट का लालच देकर किया था किडनैप

यह मामला 2 सितंबर को सामने आया, जब मुकुंदपुर निवासी एक महिला ने भलस्वा डेयरी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा लापता है.

दिल्ली पुलिस ने रातभर ऑपरेशन चलाकर बचाया 8 साल का मासूम, चॉकलेट का लालच देकर किया था किडनैप
दिल्ली पुलिस ने रातभर ऑपरेशन चलाकर 8 साल के बच्चे को बचाया है.

दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके से 8 साल के एक बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. अपहरणकर्ताओं ने बच्चे को छोड़ने के बदले पहले 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी. बाद में रकम घटाकर 40 लाख रुपये करने की भी कोशिश की गई. हालांकि दिल्ली पुलिस ने पूरी रात चले ऑपरेशन में बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया.

व्हाट्सऐप कॉल से मांगी गई फिरौती

मामला 2 सितंबर को सामने आया, जब मुकुंदपुर निवासी एक महिला ने भलस्वा डेयरी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा लापता है. कुछ ही देर बाद परिवार के पास व्हाट्सऐप कॉल आई, जिसमें बच्चे को छोड़ने के बदले 80 लाख रुपये मांगे गए. बाद में अपहरणकर्ताओं ने 40 लाख रुपये में सौदा करने का प्रयास किया.

पुलिस ने शुरू किया ऑल-नाइट ऑपरेशन

घटना की गंभीरता को देखते हुए आउटर-नॉर्थ जिला पुलिस की कई टीमें बनाई गईं. पुलिस ने कॉल डिटेल, सिम कार्ड और संदिग्ध व्हाट्सऐप नंबरों की तकनीकी जांच शुरू की. मुकुंदपुर, बुराड़ी और आसपास के इलाकों में पूरी रात तलाशी अभियान चलाया गया. तकनीकी सर्विलांस और ग्राउंड इंटेलिजेंस की मदद से तड़के सुबह बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया.

चॉकलेट और कोल्ड ड्रिंक देकर जीता भरोसा

जांच में सामने आया कि एक नाबालिग आरोपी कई दिनों से बच्चे को टॉफी, चॉकलेट और कोल्ड ड्रिंक देकर उससे दोस्ती कर रहा था. 2 सितंबर को उसने बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले लिया और अन्य आरोपियों के हवाले कर दिया.

परिवार के घर में रहकर देता रहा जानकारी

मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि दूसरा नाबालिग आरोपी बच्चे की बड़ी बहन के साथ पढ़ता था. वह परिवार के दुख में शामिल होने का नाटक करता रहा और घर में मौजूद रहकर पुलिस की गतिविधियों तथा परिवार की हर जानकारी अपने साथियों तक पहुंचाता रहा.

दो आरोपी गिरफ्तार, चार नाबालिग पकड़े गए

पुलिस ने इस मामले में 18 वर्षीय राहुल और 18 वर्षीय शुभम को गिरफ्तार किया है. इनके अलावा चार नाबालिगों को भी पकड़ा गया है. बच्चे का मेडिकल कराने के बाद उसे उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है. पुलिस अब इस पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिकाओं की जांच कर रही है.

अपराध की गंभीरता को देखते हुए, इंस्पेक्टर राकेश राणा, SHO/भलस्वा डेयरी, और SI महेश के नेतृत्व में एक डेडिकेटेड पुलिस टीम बनाई गई, जिसमें HC प्रतीक, HC टीनू, HC गजराज, HC मनीष और Ct. संदीप शामिल थे. यह टीम स्वरूप नगर के ACP  रविंदर अहलावत की देखरेख में बनाई गई.

यह भी पढ़ें- VIDEO: पुलिस से बचने के लिए तालाब में छुपा बदमाश, दबोचने के लिए जवानों ने भी लगा दी डुबकी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Delhi News, Delhi Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com