कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस से बचने के लिए एक वांछित आरोपी तालाब में छिप गया. उसे लगा कि पानी में उतरकर वह पुलिस की नजरों से बच जाएगा, लेकिन उसकी यह चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी. पुलिसकर्मियों ने भी हिम्मत दिखाई और सीधे तालाब में उतरकर उसे पकड़ लिया.
लंबे समय से फरार चल रहा था आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय दिलीप उर्फ करिया के रूप में हुई है. वह भद्रावती का रहने वाला है और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर था. अदालत की ओर से उसके खिलाफ तीन बार गैर जमानती वारंट जारी किए जा चुके थे, लेकिन वह हर बार पेशी से बचता रहा.
आरोपी पर दर्ज हैं 16 मामले
पुलिस के अनुसार दिलीप कोई सामान्य आरोपी नहीं है. उसके खिलाफ कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या के प्रयास के दो गंभीर मामले भी शामिल हैं. लगातार फरार रहने के कारण पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी.
भद्रावती न्यू टाउन पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इलाके में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की. पुलिस को देखकर आरोपी भागा और एक तालाब में जाकर छिप गया.
पुलिस ने पानी में उतरकर पकड़ा
आरोपी को पकड़ने के लिए पीएसआई रमेश और पुलिसकर्मी प्रसन्ना खुद तालाब में कूद पड़े. कुछ देर की मशक्कत के बाद दोनों ने आरोपी को पकड़ लिया. इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें पुलिसकर्मी तालाब के भीतर आरोपी तक पहुंचते दिखाई दे रहे हैं.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. बाद में उसे संबंधित अधिकारियों के सामने पेश किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा हो रही है.
यह भी पढ़ें- 'मेडिकल रिकॉर्ड यौन उत्पीड़न की ओर इशारा करते हैं', दिशा सालियान केस में वकील का नया दावा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं