- दिल्ली की रानीखेत एक्सप्रेस में बुजुर्ग महिला से झपटमारी करने वाला स्नैचर पुलिस के हत्थे चढ़ा
- एक आरोपी का डेढ़ साल पहले झपटमारी करते वक्त पैर कट गया था, फिर उसने आर्टिफिशियल पैर लगवाया
- पुलिस ने करीब 2- सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर आरोपियों को ढूढ निकाला
अगर हौसले बुलंद हों तो मंजिल मुश्किल नहीं... ये कहावत इंसान में जोश भरने के लिए कही जाती है. वैसे इसे पॉजिटिव तरीके से देखा जाता है, लेकिन एक स्नैचर ने इस कहावत को अपने ऊपर अप्लाई कर लिया. दरअसल एक स्नैचर का स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देते वक्त पैर कट गया था. उसके बाद भी उसने अपने गलत इरादे नहीं छोड़े. इस काम को छोड़ना न पड़े इसलिए उसने आर्टिफिशियल पैर लगवा लिया और लोगों से झपटमारी करना जारी रखा.
पैर कटा फिर भी नहीं छोड़ी स्नैचिंग
मामले का खुलासा तब हुआ जब दिल्ली में रानीखेत एक्सप्रेस में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला से हुई झपटमारी के मामले को रेलवे पुलिस ने सुलझाया. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. तब पता चला कि इनमें से एक आरोपी का डेढ़ साल पहले स्नैचिंग करते वक्त पैर कट गया था. उसने आर्टिफिशियल पैर लगवाया और यह काम लगातार करता रहा.
बुजुर्ग से झपटा था पर्स, गेल्ड चेन और मोबाइल लेकर फरार
घटना 25 अगस्त 2026 की है. अजमेर की रहने वाली 67 साल की बुजुर्ग महिला रानीखेत एक्सप्रेस के ए-2 कोच में सफर कर रही थीं. ट्रेन जब सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली थी, उसी दौरान एक युवक अचानक उनका पीले रंग का पर्स झपटकर ट्रेन से भाग गया. पर्स में मोबाइल फोन, सोने की चेन, नकदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे. बुजुर्ग महिला के मुताबिक, पर्स में एक मोबाइल फोन, उसका चार्जर, आधार कार्ड, 15 हजार रुपये नकद और करीब 56 ग्राम वजन की सोने की चेन थी.
घटना की FIR सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन थाने में दर्ज की गई. पुलिस ने BNS की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. क्यों कि वारदात चलती ट्रेन में हुई थी और आरोपी घटना के तुरंत बाद फरार हो गया था, इसलिए पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम आधार बनाया.
20 सीसीटीवी कैमरों से स्नैचर्स को धर दबोचा
रेलवे पुलिस की एक विशेष टीम ने पटेल नगर से लेकर जखीरा फ्लाईओवर तक के रास्ते में लगे करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज को एक-एक करके देखा गया और आरोपियों की गतिविधियों को जोड़ने की कोशिश की गई. इसी दौरान नेहरू नगर के आसपास की सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए. पुलिस के मुताबिक ये दोनों धीमी गति से चल रही रानीखेत एक्सप्रेस में बार-बार चढ़ रहे थे, अलग-अलग कोच में यात्रियों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे थे और फिर ट्रेन से उतरकर फरार हो रहे थे.
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों के काम करने का तरीका भी सामने आया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ऐसी जगहों की तलाश करते थे, जहां ट्रेन की रफ्तार कम हो जाती थी. इसके बाद वे ट्रेन में चढ़कर यात्रियों के मोबाइल और सामान पर नजर रखते थे. मौका मिलते ही मोबाइल फोन, बैग या महिलाओं की सोने की चेन झपटते और फिर ट्रेन से उतरकर फरार हो जाते थे.
जखीरा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ बड़का के रूप में की. 20 साल का दिलशाद जखीरा इलाके में रहता है. पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और 26 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे जखीरा फ्लाईओवर के पास उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में दिलशाद ने इस वारदात में अपने साथी मोहम्मद हसन उर्फ गोलू के शामिल होने की बात कबूल की. 22 साल का हसन भी जखीरा इलाके में रहता है.
दिलशाद का डेढ़ साल पहले ट्रेन में ही झपटमारी करते वक्त पैर कट गया था लेकिन उसने आर्टिफिशियल पैर लगवाया और फिर झपटमारी करने लगा.
चलती ट्रेन में करते थे झपटमारी
दिलशाद ने पुलिस को बताया कि वारदात वाले दिन दोनों ने रानीखेत एक्सप्रेस में अलग-अलग कोच में मोबाइल फोन झपटने की दो कोशिशें की थीं, लेकिन दोनों बार वे सफल नहीं हो पाए. इसके बाद उन्हें महिला का पर्स नजर आया और उन्होंने उसे झपट लिया.उसकी निशानदेही पर पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन बरामद कर लिया. पूछताछ में उसने बताया कि पीले रंग का पर्स उसने जखीरा के राखी मार्केट की एक गली में फेंक दिया था.
पुलिस अब उस पर्स को भी बरामद करने की कोशिश कर रही है.जांच के दौरान दिलशाद के पास से एक और सोने की चेन भी बरामद हुई. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि यह चेन उसने करीब 15-16 दिन पहले जखीरा फ्लाईओवर के पास एक महिला से झपटी थी। जांच में यह चेन सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन थाने में दर्ज e-FIR से जुड़ी पाई गई. पुलिस अब इस मामले में भी आगे की जांच कर रही है.
स्नैचर्स के पास से सोने की चेन बरामद
इसके बाद दिलशाद की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी मोहम्मद हसन उर्फ गोलू को 26 अगस्त को इंद्रलोक अंडरपास के पास गंदा नाला क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास से गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान हसन के पास से बुजुर्ग महिला की करीब 56 ग्राम वजन की सोने की चेन बरामद कर ली गई. इस बरामदगी ने पुलिस के सामने आरोपी की भूमिका को और मजबूत किया.
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी सिर्फ एक वारदात को अंजाम देने के लिए ट्रेन में नहीं चढ़े थे.वे पहले ट्रेन में चढ़कर यात्रियों को देखते थे और मौका मिलने पर मोबाइल फोन, बैग और महिलाओं की सोने की चेन झपटने के बाद किसी उपयुक्त जगह पर ट्रेन से उतर जाते थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं