दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके से ड्रग तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. न्यू दिल्ली जिला पुलिस ने संजय कैंप इलाके में एक महिला को कथित तौर पर गांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, महिला अपने नाबालिग बच्चे का इस्तेमाल भी नशे की खेप बेचने के लिए कर रही थी.
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की शाम करीब 7 बजे चाणक्यपुरी थाना पुलिस की टीम संजय कैंप इलाके में पैदल गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर एक नाबालिग बच्चे पर पड़ी, जिसके पास कई छोटे-छोटे पॉलिथीन पाउच थे. शक होने पर पुलिस ने बच्चे की तलाशी ली तो उसके पास से गांजा बताई जा रही नशीली पदार्थ के 6 पाउच बरामद हुए.
मां ने बेचने के लिए दिया था पुड़िया
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान 39 साल की पिंकी, पत्नी एनाजमुल हक, निवासी संजय कैंप, चाणक्यपुरी के तौर पर हुई है. पुलिस के मुताबिक, महिला की तलाशी लेने पर उसके पास से गांजा बताए जा रहे 37 और पाउच बरामद हुए. इस तरह नाबालिग और महिला के पास से कुल 43 पाउच बरामद किए गए. इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर सील किया और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.
महिला का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस के मुताबिक, पिंकी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. जांच में पता चला कि उसके खिलाफ पहले से NDPS Act के तहत दो मामले दर्ज हैं. पुलिस का कहना है कि इस साल नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में उसे तीसरी बार पकड़ा गया है.
इस मामले में पुलिस की जांच का एक बड़ा पहलू यह है कि महिला पर अपने ही नाबालिग बच्चे को कथित तौर पर ड्रग्स की सप्लाई और बिक्री में इस्तेमाल करने का आरोप है.
पुलिस ने इस मामले में NDPS Act के साथ Juvenile Justice Act की संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई की है.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला को गांजा कहां से मिलता था, वह इसे किन लोगों को सप्लाई करती थी और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: ऐप में एक ड्राइवर, गाड़ी में दूसरा! महिलाओं की सुरक्षा पर दिल्ली HC सख्त, ओला-उबर-रैपिडो से मांगा जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं