- दिल्ली में आज उमस रहने के आसार
- दिल्ली एनसीआर में कल बारिश की संभावना
- जानें अपने राज्य का हाल
दिल्ली एनसीआर में आज गर्मी के साथ उमस वाला मौसम रहने के आसार हैं. हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भारी बारिश की संभवना है. मंगलवार सुबह दिल्ली एनसीआर में 29 डिग्री न्यूनतन तापमान दर्ज किया गया है. लोगों को आज पूरे दिन उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है. वहीं, देश के कई इलाकों जैसे बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज बारिश हो सकती है. वहीं, जम्मू कश्मीर में मूसलाधार बारिश की वजह से अमरनाथ यात्रा को लगातार चौथे दिन तीन मुख्य आधार शिविरों से स्थगित रखना पड़ा. इसके अलावा असम में सोमवार को बाढ़ से चार और लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा 86 पहुंच गया है. जबकि, राजस्थान के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश की संभवना बनी हुई है.
बिहार और असम में बाढ़ का सितम अभी भी जारी, मरने वालों की संख्या 209 पहुंची
बिहार में छाए आंशिक बादल, हो सकती है बारिश
बिहार की राजधानी पटना तथा आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को आंशिक बादल छाए हुए हैं. बादलों की आवाजाही के बीच-बीच में तेज धूप भी खिल रही है. पटना के न्यूनतम तापमान में रविवार की तुलना में सोमवार को मामूली वृद्घि दर्ज की गई है. सोमवार को पटना का न्यूनतम तपमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. राज्य के सीमांचल के कई हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश के आसार जताए गए हैं.पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक भागलपुर का सोमवार को न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस, गया का 25.6 डिग्री तथा पूर्णिया का 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है. रविवार को पटना का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी
मध्य प्रदेश में सोमवार को बादल छाने और हवा चलने से मौसम सुहावना है, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सें में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है. मानसून के पुन: सक्रिय होने से बीते तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है. इसके साथ ही गर्मी व उमस का असर भी कम हुआ है. सोमवार की सुबह से आसमान पर बादल छाने और हवा चलने से मौसम सुहावना है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दवाब के क्षेत्र से आगामी दिनों में लगातार बारिश होने की संभावना है. आगामी 24 घंटों में कटनी, मंडला, जबलपुर, अनूपपुर, विदिशा, सागर, दमोह, छिंदवाड़ा, बालाघाट, बैतूल, सिवनी, गुना, हरदा, रायसेन, सीहोर, अलिराजपुर में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 23.2 डिग्री, ग्वालियर का 25.7 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.7 सेल्सियस दर्ज किया गया.
जब ट्रक पर गिरा पहाड़ का एक हिस्सा, कैमरे में कैद हुई पूरी घटना, देखें VIDEO
राजस्थान में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश
राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर मूसलाधार और कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पाली में सबसे अधिक 22 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. नागौर के नांवा में 19 सेंटीमीटर, पाली के रोहट में 14 सेंटीमीटर, सिरोही के माउंट आबू में 13 सेंटीमीटर, झालावाड़ के मनोहरथाना में 12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. राज्य के अन्य कई स्थानों पर 12 सेंटीमीटर से कम बारिश दर्ज की गई। वहीं सोमवार सुबह से शाम तक कोटा में 5.2 मिलीमीटर, जैसलमेर में 2.3 मिलीमीटर और अजमेर में 1.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है.
असम में बाढ़ से चार और लोगों की मौत
असम में सोमवार को बाढ़ से चार और लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही मृतकों का आंकड़ा 86 पहुंच गया है. असम राज्य आपदा प्रबंधन अधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि वैसे तो रविवार से अब तक प्रभावित 17 जिलों में पानी घटा है और जलस्तर में सुधार हुआ है. बाड़पेटा में दो लोगों की मौत हुई जबकि कोकराझार और धुबरी में एक-एक व्यक्तियों की मौत हुई. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार धेमाजी, सोनितपुर, दर्रांग, बक्सा, नलबाड़ी, चिरांग, बोंगाईगांव, कोकराझार, धुबरी, ग्वालपाड़ा, कामरूप, कामरूप (एम),मोरीगांव, नगांव, गोलाघाट, जोरहाट और कछार बाढ़ प्रभावित जिले हैं. एएसडीएमए के मुताबिक 17 जिलों में 1,348 गांव अब भी पानी में डूबे हुए हैं. राज्य के 522 राहत शिविरों में 50,470 लोग रह रहे हैं जबकि 28 राहत वितरण केंद्र राज्य में चल रहे हैं.
VIDEO: मुंबई में भारी बारिश का अलर्ट जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं